भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज मंत्रालय में खनिज साधन विभाग की महत्वपूर्ण बैठक ली। बैठक में प्रस्तावित राज्य खनिज अन्वेषण नीति-2026 को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से नीति के विभिन्न पहलुओं की जानकारी लेते हुए इसे अधिक प्रभावी, पारदर्शी और निवेश-अनुकूल बनाने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश में उपलब्ध खनिज संसाधनों के वैज्ञानिक एवं व्यवस्थित अन्वेषण को बढ़ावा देने के लिए प्रभावी नीति आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि नई नीति में निवेशकों के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करने के साथ-साथ खनिज संसाधनों के समुचित उपयोग और प्रदेश के हितों का भी विशेष ध्यान रखा जाए।
बैठक में खनिज अन्वेषण से जुड़े विभिन्न विषयों, संभावनाओं और नीति के प्रावधानों पर विस्तृत विचार-विमर्श हुआ। मुख्यमंत्री ने कहा कि खनिज क्षेत्र में नई संभावनाओं की तलाश के साथ आधुनिक तकनीक और बेहतर प्रक्रियाओं को बढ़ावा दिया जाना चाहिए, ताकि प्रदेश में निवेश और रोजगार के अवसरों में वृद्धि हो सके।
राज्य खनिज अन्वेषण नीति-2026 के प्रभावी क्रियान्वयन से प्रदेश के खनिज संसाधनों की पहचान और उनके वैज्ञानिक दोहन को गति मिलने की उम्मीद है। सरकार का उद्देश्य खनिज क्षेत्र में निवेश को प्रोत्साहित करते हुए प्रदेश की अर्थव्यवस्था को और मजबूत करना है।
बैठक में खनिज साधन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।


