कटनी, बारिश के दौरान जर्जर भवनों से होनें वाली संभावित दुर्घटनाओं के मद्देनजर जनसुरक्षा को दृष्टिगत रखते हुए निगम प्रशासन द्वारा नगर के चिन्हित जर्जर भवनों के डिस्मेंटल की कार्यवाही अनवरत जारी है। इसी श्रृंखला में मंगलवार को नगर पालिक निगम की टीम द्वारा बड़ी कार्यवाही गुरुनानक वार्ड में जारी है। पुराना ट्रैफिक के सामने बरही रोड स्थित भवन के स्वामी श्री ज्योति प्रकाश नायडूयसी.आर. नायडू के अत्यंत जर्जर भवन को हटाने की कार्यवाही दोपहर से शुरू कर दी गई है।
निगम के अमले द्वारा जेसीबी, हाइड्रा एवं अन्य संसाधनों के साथ मौके पर भवन को ध्वस्त करने की कार्यवाही की जा रही है। कार्यवाही के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना न हो, इसके लिए स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था के पूर्ण इंतजाम किये गए है। निगम अधिकारियों ने बताया कि उक्त भवन अत्यंत जर्जर अवस्था में था और कभी भी गिरने की आशंका थी, जिससे जन-धन की बड़ी हानि हो सकती थी। लगातार प्राप्त शिकायतों एवं तकनीकी जांच के बाद भवन को जर्जर घोषित कर नोटिस आदि की कार्यवाही पश्चात जर्जर भवन को हटाने का निर्णय लिया गया।
*मौके पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम*
कार्यवाही स्थल के आसपास बैरिकेडिंग कर अनाधिकृत व्यक्तियों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है एवं यातायात को डायवर्ट किया गया है। निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार के निर्देश पर अनुज्ञा शाखा एवं अतिक्रमण दस्ते की संयुक्त टीम मौके पर मौजूद है। नगर निगम प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे कार्यवाही के दौरान उक्त मार्ग का उपयोग न कर सहयोग प्रदान करें। कार्यवाही कार्य समाप्ति तक जारी रहेगी।


