बरही/कटनी। जिले की बरही नगर एवं विजयनाथ धाम की नगरी में श्री कृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व पर श्री राम मंदिर प्रांगण में हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी परंपरा अनुसार श्री राम मंदिर ट्रस्ट के द्वारा विशाल दंगल एवं श्री कृष्ण जन्मोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। बैंड-बाजों और नगाड़ों की गूंज के बीच हजारों भक्तों की भीड़ ने आयोजन का आनंद लिया।
दंगल का शुभारंभ शाम करीब 3 बजे हुआ, जो देर रात तक चलता रहा। कार्यक्रम में रज्जू गुप्ता के मुख्य आतिथ्य, उत्तम शर्मा की अध्यक्षता एवं एपी श्रीवास्तव के विशिष्ट आतिथ्य में क्षेत्र के विभिन्न स्थानों से पहुंचे पहलवानों ने अपने दांव-पेंच का शानदार प्रदर्शन किया। दंगल में पहलवानों के बीच हुए रोमांचक मुकाबलों को देखने के लिए बड़ी संख्या में दर्शक मौजूद रहे।
दंगल में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विजयी रहने वाले पहलवानों को नगद राशि एवं शील्ड देकर सम्मानित किया गया। इसके बाद रात्रि शुभ लग्न में मंदिर परिसर में भगवान श्री कृष्ण का जन्मोत्सव बड़े ही धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाया गया। भगवान श्री कृष्ण के जन्म के साथ ही मंदिर परिसर जयकारों से गूंज उठा और श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव के साथ जन्मोत्सव मनाया।
जन्मोत्सव के उपरांत श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। पूरे आयोजन में बरही नगर एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही। वहीं कार्यक्रम को व्यवस्थित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में नगर परिषद बरही एवं बरही पुलिस की सराहनीय भूमिका रही।
परंपरा, भक्ति और कुश्ती के रोमांच से सजे इस आयोजन ने एक बार फिर बरही की धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत को जीवंत कर दिया।


