*गोपन के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध, उल्लंघन पर होगी कड़ी कानूनी कार्रवाई; सीसीटीवी एवं ड्रोन से होगी सतत निगरानी*
*योगेश गजभिये पांढुरना*.पांढुर्णा की ऐतिहासिक एवं गौरवशाली परंपरा गोटमार मेले के शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित आयोजन को लेकर आज शांति समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में मेले के दौरान कानून-व्यवस्था, सुरक्षा, यातायात, भीड़ प्रबंधन, पार्किंग एवं नागरिक सुविधाओं सहित विभिन्न व्यवस्थाओं पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।
बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक प्रकाश चंद्र परिहार, अतिरिक्त कलेक्टर ज्योति ठाकुर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मनकामना प्रसाद, संयुक्त कलेक्टर नेहा सोनी, एसडीएम पांढुर्णा अलका एक्का, पांढुर्णा विधायक निलेश उइके, भारतीय जनता पार्टी पांढुर्णा जिला अध्यक्ष संदीप मोहोड़, नगर पालिका अध्यक्ष संदीप घाटोड़े, सहित संबंधित अधिकारी जनप्रतिनिधि एवं पत्रकारगण उपस्थित रहे।
बैठक में कलेक्टर एवं पुलिस प्रशासन द्वारा संबंधित अधिकारियों को मेले के दौरान सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समयपूर्व सुनिश्चित करने तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए। प्रशासन का प्रमुख उद्देश्य गोटमार मेले की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक परंपरा को बनाए रखते हुए मेले का आयोजन शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराना है।
गोपन के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध, उल्लंघन पर होगी कड़ी कार्रवाई
बैठक में गोटमार मेले के दौरान गोपन के उपयोग पर पूर्णतः प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया गया। प्रतिबंध का उल्लंघन करते हुए कोई व्यक्ति गोपन का उपयोग करते हुए पाया जाता है, तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
कलेक्टर एवं पुलिस प्रशासन द्वारा निर्देशित किया गया कि मेले के दौरान प्रतिबंधात्मक आदेशों का प्रभावी पालन सुनिश्चित कराया जाए। पुलिस एवं प्रशासन के समन्वय से प्रातः 8 बजे से मेला समाप्ति तक सतत निगरानी रखी जाएगी। निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरों एवं ड्रोन कैमरों का उपयोग किया जाएगा। किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा कानून-व्यवस्था की स्थिति की तत्काल पहचान कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था रहेगी सुव्यवस्थित
मेले के दौरान श्रद्धालुओं एवं नागरिकों की सुविधा तथा यातायात के सुचारू संचालन के लिए विशेष यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। शहर में उपलब्ध खाली स्थानों पर सुव्यवस्थित पार्किंग की व्यवस्था की जाएगी। शहर के भीतर पर्याप्त स्थान उपलब्ध नहीं होने की स्थिति में बड़े वाहनों को शहर के बाहरी क्षेत्र में निर्धारित स्थानों पर पार्क कराया जाएगा।
संबंधित अधिकारियों को यातायात व्यवस्था, पार्किंग स्थल, प्रवेश एवं निकासी मार्गों तथा भीड़ प्रबंधन के संबंध में आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
शुक्रवार के स्थान पर मंगलवार को लगेगा साप्ताहिक बाजार
मेले के दौरान यातायात एवं भीड़ प्रबंधन को ध्यान में रखते हुए शुक्रवार को आयोजित होने वाले साप्ताहिक बाजार को इस बार शुक्रवार के स्थान पर मंगलवार को आयोजित किया जाना सुनिश्चित किया गया है। संबंधित विभागों को बाजार व्यवस्था के संबंध में आवश्यक समन्वय एवं व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
नागरिकों से शांति, संयम एवं सद्भाव बनाए रखने की अपील
गोटमार मेला पांढुर्णा की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक पहचान का अभिन्न हिस्सा है। बैठक में सभी समाजों एवं वर्गों के नागरिकों से मेले की गरिमा बनाए रखने तथा आपसी भाईचारा, सद्भाव, संयम एवं शांतिपूर्ण व्यवहार बनाए रखने की अपील की गई।
कलेक्टर एवं पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से प्रशासन द्वारा निर्धारित नियमों एवं व्यवस्थाओं का पालन करने तथा मेले के शांतिपूर्ण आयोजन में सक्रिय सहयोग प्रदान करने का आग्रह किया। प्रशासन द्वारा सभी व्यवस्थाओं की सतत निगरानी की जाएगी। नागरिकों के सहयोग एवं जिम्मेदार सहभागिता से गोटमार मेले को शांति, सुरक्षा, सौहार्द एवं सुव्यवस्थित वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न कराने का संकल्प व्यक्त किया गया।


