कटनी (31 अगस्त) – समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने अधिकारियों को सुस्त कार्यशैली में सुधार लाने की नसीहत देते हुए कहा कि अधिकारी विभागीय अद्यतन जानकारी, लंबित प्रकरणों की स्थिति और की गई कार्रवाई की पूरी तैयारी के साथ बैठक में उपस्थित होना सुनिश्चित करें। लापरवाही, देरी और अनुपस्थिति को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
बैठक में समय पर उपस्थित नहीं होने तथा अनुपस्थित रहने को कलेक्टर ने गंभीरता से लेते हुए कार्यपालन यंत्री, जल संसाधन विभाग, मंडी सचिव तथा बीईओ रीठी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि समय-सीमा की बैठकों में वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति और विभागीय प्रकरणों की सही जानकारी अत्यंत महत्वपूर्ण है। अधिकारी बैठक को गंभीरता से लें और सौंपे गए दायित्वों की नियमित रूप से मॉनीटरिंग करें।
इस दौरान वनमंडलाधिकारी श्री गर्वित गंगवार, जिला पंचायत सीईओ सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर एवं अपर कलेक्टर श्री नीलाम्बर मिश्रा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
लापरवाही पर पटवारी की दो वेतनवृद्धि रोकने के निर्देश
समीक्षा के दौरान कलेक्टर श्री तिवारी ने फौती नामांतरण से संबंधित लंबित प्रकरण का समय पर निराकरण नहीं करने पर तहसील बरही में पदस्थ पटवारी की दो वेतनवृद्धि रोकने के निर्देश दिए। उन्होंने नायब तहसीलदार सिलौड़ी को सिलौड़ी बस स्टैंड से अवैध कब्जा हटवाकर वहां शौचालय निर्माण कराने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने तहसीलदार बहोरीबंद एवं ढीमरखेड़ा को फार्मर आईडी बनाने के कार्य में गति लाने की हिदायत दी। उन्होंने नामांतरण, बंटवारा एवं अभिलेख दुरुस्ती से संबंधित लंबित प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने राजस्व अधिकारियों को एक माह के भीतर फसल गिरदावरी का कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने डिजिटाइजेशन कार्य में अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर तहसीलदार स्लीमनाबाद एवं विजयराघवगढ़ के प्रति नाराजगी व्यक्त करते हुए कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
अवैध उत्खनन के विरूद्ध करें कार्रवाई
कलेक्टर श्री तिवारी ने जिले में विशेषकर कन्हवारा क्षेत्र में हो रहे अवैध उत्खनन के विरुद्ध खनिज विभाग को अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि अवैध उत्खनन में संलिप्त वाहनों को पकड़कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
ओव्हर ब्रिज की करायें मरम्मत
कलेक्टर ने बरगवां से जगन्नाथ चौक तक के ओव्हर ब्रिज के मार्ग पर निकली हुई सरिया के मरम्मत एवं सुधार कार्य के निर्देश लोक निर्माण विभाग सेतु के अधिकारियों को दिया। उन्होंने कहा कि इस संबंध में अधीक्षण यंत्री लोक निर्माण सेतु से भी उनकी मरम्मत कार्य हेतु चर्चा हो गई है।
लंबित शिकायतों का प्राथमिकता से करें निराकरण
कलेक्टर श्री तिवारी ने राजस्व, स्वास्थ्य, स्कूल शिक्षा, आदिम जाति कल्याण, कृषि, लोक निर्माण, खनिज, ऊर्जा, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी एवं सामाजिक न्याय सहित सभी विभागों की लंबित सीएम हेल्पलाइन शिकायतों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों का गंभीरतापूर्वक परीक्षण करते हुए प्राथमिकता के साथ उनका निराकरण सुनिश्चित करें।
कलेक्टर ने जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र एवं विवाह पंजीयन से संबंधित सीएम हेल्पलाइन शिकायतों की भी समीक्षा की और संबंधित जनपद सीईओ को लंबित शिकायतों का शीघ्र निराकरण कराने के निर्देश दिए।
बनायें पक्के हेलीपैड
कलेक्टर श्री तिवारी द्वारा पिछली बैठक में सभी तहसील मुख्यालयों में पक्के हेलीपैड के लिए भूमि चिन्हित कर निर्माण कराने के दिए निर्देश के पालन में अब तक झिंझरी कटनी,बडवारा, स्लीमनाबाद और बरही में हेलीपैड बन गया है। जबकि रीठी, बहोरीबंद, विजयराघवगढ़ और ढीमरखेड़ा में भूमि चिन्हांकन की कार्रवाई प्रचलित है। कलेक्टर ने यहां के संबंधित एसडीएम को इस कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
एएनसी पंजीयन में लायें गति
कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान अनमोल पोर्टल पर गर्भवती माताओं की एएनसी जांच की स्थिति तथा एनीमिया के मामलों की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को इन कार्यों में अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही टीबी मुक्त भारत अभियान की भी समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कलेक्टर ने सिलौड़ी अस्पताल में बुधवार एवं शनिवार को डॉक्टर की ड्यूटी लगाने के निर्देश मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) को दिए। उन्होंने कहा कि निर्धारित दिवसों में अस्पताल में चिकित्सक की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि क्षेत्र के लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं का समुचित लाभ मिल सके।


