🔳कटनी। जिले में अवैध मदिरा के निर्माण, विक्रय एवं परिवहन पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए कलेक्टर श्री आशीष तिवारी के निर्देश पर आबकारी विभाग द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में सीएम हेल्पलाइन पर प्राप्त अवैध मदिरा विक्रय की शिकायत की जांच के दौरान आबकारी अमले ने वृत्त कटनी क्रमांक-2 क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए एक आवासीय मकान से 260 पाव देशी मदिरा मसाला जब्त की है। जब्त मदिरा की अनुमानित कीमत 27 हजार रुपये से अधिक बताई गई है।
आबकारी नियंत्रण कक्ष प्रभारी श्री मंशा राम उइके के नेतृत्व में गठित टीम ने गली नंबर-06, बाल गंगाधर तिलक वार्ड, इंद्रानगर स्थित आशीष गुप्ता पिता रामचरण बरसइयाँ, उम्र 28 वर्ष के रिहायशी मकान की विधिवत तलाशी ली। तलाशी के दौरान दो प्लास्टिक कैरेट में रखी 260 पाव देशी मदिरा मसाला, प्रत्येक 180 एमएल, कुल 46.8 बल्क लीटर बरामद हुई। आबकारी अमले ने मदिरा को विधिवत जब्त कर लिया।
मामले में आरोपी के विरुद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 (संशोधित 2000) की धारा 34(1)(क) के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।
कार्रवाई में वृत्त कटनी क्रमांक-2 के प्रभारी आबकारी उपनिरीक्षक श्री अतुल कुटार तथा मुख्य आरक्षक श्री राजेश गौंटिया, श्री राम सिंह एवं श्री किशनलाल बरदिया का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
#JansamparkMP
#CMMadhyaPradesh
#DrMohanYadav51
#udaypratapmp
#jbpcommissioner
#katni
#कटनी


