भोपाल। रक्षाबंधन के त्योहार के बीच बढ़ती महंगाई ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। इसी बीच भोपाल मध्य विधानसभा सीट से कांग्रेस विधायक आरिफ मसूद ने अनोखे तरीके से लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचा। उन्होंने अपने विधानसभा क्षेत्र की महिलाओं को घर बुलाकर रक्षाबंधन के मौके पर उन्हें चीनी के पैकेट तोहफे में दिए।
विधायक आरिफ मसूद का कहना है कि चीनी की बढ़ती कीमतों का असर त्योहार की मिठास पर नहीं पड़ना चाहिए। इसी उद्देश्य से उन्होंने क्षेत्र की बहनों को चीनी के पैकेट भेंट किए। इस दौरान उनके घर पहुंची महिलाओं ने विधायक की कलाई पर राखी भी बांधी और उनकी लंबी उम्र की कामना की।
बीजेपी सरकार पर साधा निशाना
इस मौके पर कांग्रेस विधायक ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि जब भी कोई त्योहार आता है, बीजेपी सरकार लोगों की खुशियों में रुकावट डालने और माहौल खराब करने की कोशिश करती है।
मसूद ने कहा, “हम इसकी निंदा करते हैं।”
उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, “आज रक्षाबंधन से ठीक पहले, चीनी की बढ़ती कीमतों को देखते हुए मैंने अपनी विधानसभा क्षेत्र की बहनों को अपने घर बुलाया और उन्हें तोहफे में चीनी के पैकेट दिए, ताकि किसी भी बहन का रक्षाबंधन फीका न पड़े। बहनों ने मेरी कलाई पर राखी बांधी और मेरी लंबी उम्र और लगातार जीत के लिए दुआ की।”
कौन हैं कांग्रेस विधायक आरिफ मसूद?
आरिफ मसूद भोपाल मध्य विधानसभा क्षेत्र (विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-153) से कांग्रेस के विधायक हैं। वह कांग्रेस के प्रमुख नेताओं में गिने जाते हैं और अक्सर अपने बयानों को लेकर चर्चा में रहते हैं।
मसूद ने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत छात्र राजनीति से की थी। वह लगातार दो बार विधानसभा चुनाव जीत चुके हैं। वर्ष 2018 के मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में उन्होंने पहली बार जीत दर्ज की थी। इसके बाद 2023 के विधानसभा चुनाव में भी उन्होंने जीत हासिल कर विधानसभा में दोबारा जगह बनाई।
आरिफ मसूद ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड के कार्यकारी सदस्य भी हैं। राजनीतिक सफर के दौरान वह समाजवादी पार्टी से भी जुड़े रहे, हालांकि बाद में कांग्रेस में लौट आए।


