उमरियापान:- इस्लाम धर्म के पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब के जन्मदिन के अवसर पर ईद मिलादुन्नबी का पर्व बुधवार को उमरियापान में सादगी और सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाया गया।मुस्लिम समाज के लोगों ने झंडा चौक स्थित मस्जिद में विशेष सलातो-सलाम और नातिया कलाम पेश किए। इसके बाद जुलूस-ए-मोहम्मदी निकाला गया।जुलूस नूरी मस्जिद से प्रारंभ होकर झंडा चौक, न्यू बस स्टैंड और अंधेली बाग होते हुए ईदगाह पहुंचा। इस बार उमरियापान में मुस्लिम समाज की ओर से दो अलग-अलग जुलूस निकाले गए। जुलूस के मार्ग में जगह-जगह लंगर और सबील का आयोजन किया गया, जिसमें समाज के लोगों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।झंडा चौक में मुस्लिम भाइयों द्वारा स्टॉल लगाकर पुलाव, जलेबी, समोसा, केक, टॉफी, चॉकलेट, झालमुरी, रसगुल्ला, नमकीन, केला और बिस्किट सहित विभिन्न खाद्य सामग्री का वितरण किया गया। इससे पूर्व मस्जिदों, घरों और दुकानों को फूलों एवं झालरों की रोशनी से सजाया गया। उमरियापान के अलावा महनेर, घुघरी, परसेल, ढीमरखेड़ा क्षेत्र के कटरिया, सिलौंड़ी के नेगई व बरहटा सहित आसपास के अन्य गांवों में भी ईद मिलादुन्नबी का पर्व सादगी के साथ मनाया गया। इस अवसर पर लोगों ने पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब के जीवन और उनके कार्यों को याद करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संदेश दिया। साथ ही बच्चों को भी पैगंबर के आदर्शों एवं शिक्षाओं का अनुसरण करने की सीख दी गई। पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उमरियापान थाना प्रभारी महेंद्र जायसवाल, ढीमरखेड़ा थाना प्रभारी महिमा रघुवंशी तथा सिलौंड़ी चौकी प्रभारी अनिल पांडेय पुलिस बल के साथ मुस्तैद रहे।
रिपोर्टर राजेंद्र कुमार चौरसिया धीमरखेडा कटनी


