रिपोर्टर सीमा कैथवास
नर्मदापुरम। रक्षा बंधन के पावन पर्व के अवसर पर आयोजित रक्षा सूत्र कार्यक्रम के तहत कलेक्टर सोमेश मिश्रा एवं जिला पंचायत सीईओ हिमांशु जैन ने पवारखेड़ा स्थित सांदीपनि विद्यालय तथा माता शबरी आवासीय कन्या शिक्षा परिसर एवं वीरांगना रानी दुर्गावती शासकीय संयुक्त सीनियर बालिका छात्रावास नर्मदापुरम पहुंचकर नन्हीं-मुन्नी छात्राओं से अपनी कलाइयों पर राखियां बंधवाईं। छात्राओं ने पूरे उत्साह और आत्मीयता के साथ दोनों अधिकारियों की कलाइयों पर प्रेमपूर्वक राखियां बांधकर उन्हें रक्षाबंधन पर्व की शुभकामनाएं दीं।
वहीं कलेक्टर एवं जिला पंचायत सीईओ को अपने बीच पाकर छात्राओं के चेहरे पर खुशी और उत्साह साफ दिखाई दिया। बच्चियों ने जिस आत्मीयता और अपनत्व के साथ अधिकारियों को राखी बांधी, वह पल बेहद भावुक और यादगार रहा। कलेक्टर श्री मिश्रा ने भी बच्चियों के इस स्नेह को सहजता से स्वीकार करते हुए उन्हें स्नेहाशीष दिया। कलेक्टर ने स्नेहपूर्वक बच्चों को मिठाई एवं उपहार भेंट किए। इस दौरान कलेक्टर श्री मिश्रा ने छात्राओं से आत्मीय संवाद करते हुए विद्यालय में मिल रही शिक्षा,आवासीय सुविधाओं, शिक्षकों के व्यवहार तथा किसी भी प्रकार की समस्या के संबंध में जानकारी ली। कलेक्टर श्री मिश्रा ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा के साथ अनुशासन का होना अत्यंत आवश्यक है।अनुशासन के बिना शिक्षा अधूरी मानी जाती है।
उन्होंने कहा कि छात्राओं को आवासीय विद्यालय में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इन सुविधाओं का लाभ उठाते हुए सभी छात्राएं पूरी मेहनत और लगन से पढ़ाई करें, अपने सपनों को साकार करें तथा अपने माता-पिता और शिक्षकों को गौरवान्वित करें। कलेक्टर श्री मिश्रा ने विशेष रूप से कक्षा 10वीं एवं 12वीं की छात्राओं से कहा कि वे परीक्षा की तैयारी पूरी लगन और मेहनत के साथ करें। उन्होंने छात्राओं को प्रेरित करते हुए कहा कि कम से कम एक-एक छात्रा मेरिट लिस्ट में स्थान प्राप्त करे और सभी छात्राएं प्रथम श्रेणी में परीक्षा उत्तीर्ण करें।


