खदान क्षेत्रों में कराया गया व्यापक वृक्षारोपण, ग्रामीणों को फलदार एवं छायादार पौधों का भी किया गया नि:शुल्क वितरण
कटनी (23 अगस्त) – पर्यावरण संरक्षण और खनन क्षेत्रों को सुरक्षित एवं हरित बनाने की दिशा में जिला प्रशासन द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। कलेक्टर श्री आशीष तिवारी द्वारा टास्क फोर्स की बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन में खनिज विभाग के मार्गदर्शन में जिले की चूना पत्थर खदानों के आसपास व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण कराया जा रहा है।
इसी क्रम में विगत दिवस विजयराघवगढ़ तहसील के ग्राम पूंछी एवं विस्तरा में एन.एम. दुबास कंपनी द्वारा संचालित चूना पत्थर खदानों के चारों ओर सुरक्षा एवं पर्यावरण संतुलन की दृष्टि से सघन पौधारोपण किया गया। वहीं ननवारा-बड़ारी क्षेत्र में स्थित चूना पत्थर खदानों के आसपास श्री राजकिशोर अग्रवाल कंपनी द्वारा भी बड़े पैमाने पर पौधे लगाए गए।
ग्रामीणों को फलदार एवं छायादार पौधों का निशुल्क वितरण
खदान क्षेत्रों को हरा-भरा बनाने के साथ स्थानीय समुदाय को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ने के उद्देश्य से ग्रामीणों को फलदार एवं छायादार पौधों का निशुल्क वितरण भी किया गया। साथ ही ग्रामीणों को इन पौधों को अपने घरों एवं आसपास के क्षेत्रों में लगाने के लिए प्रेरित किया गया है।
जिला प्रशासन द्वारा मानसून सत्र के दौरान जिले की सभी संचालित खदानों के आसपास हरियाली सुनिश्चित करने के लिए अन्य खदान संचालकों को भी अनिवार्य रूप से वृक्षारोपण करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन का उद्देश्य खनन गतिविधियों के साथ पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना, खदान क्षेत्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा जिले में हरित आवरण को बढ़ाना है।


