ढीमरखेड़ा तहसील क्षेत्र अंतर्गत महनेर गांव में शराब की अवैध बिक्री और पैकारियों के खिलाफ महिलाओं और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। क्षेत्र में दिन-प्रतिदिन खराब होते माहौल और नशे की गिरफ्त में आ रही युवा पीढ़ी को बचाने के लिए महिलाओं ने मोर्चा संभालते हुए जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।
ग्रामीणों और महिलाओं ने गांव में रैली निकाली और “क्षेत्र की नारी करे पुकार, अवैध शराब की पैकारी बंद करे सरकार” जैसे नारों से पूरा इलाका गुंजायमान कर दिया। रैली के रूप में उमरिया पान पुलिस थाना पहुंचे ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री के नाम नायब तहसीलदार और थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपकर गांव तथा आसपास चल रही गांजा व अवैध शराब की पैकारियों को तुरंत बंद कराने की मांग की।
दरअसल बड़वारा विधायक धीरेंद्र बहादुर सिंह ने हाल ही में पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा को पत्र लिखकर बड़वारा विधानसभा क्षेत्र के उमरिया पान थाना, ढीमरखेड़ा थाना और सिलौंडी पुलिस चौकी क्षेत्र में सक्रिय अवैध शराब कारोबारियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की थी।
#cm


