*जन-विश्वास अभियान अन्तर्गत प्रदेश के मुखिया पहुंचे टीकमगढ़*
– *उद्योग, रोजगार और कौशल विकास पर सरकार का विशेष फोकस*
– *टीकमगढ़ के पीतल शिल्प कलाकारों को किया जाएगा प्रोत्साहित*
भोपाल/टीकमगढ़। ‘टीकमगढ़ जिले में महाकाल की तर्ज पर कुंडेश्वर लोक बनाया जाएगा। पर्यटन विभाग द्वारा समुचित योजना तैयार कर इस कार्य को पूर्ण किया जाएगा। पीतल कारीगरों की कला एवं शिल्प को बढ़ावा दिया जाएगा।’ यह बात मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 21 अगस्त को टीकमगढ़ में कही। वे जन-विश्वास अभियान अन्तर्गत जिला विकास समिति की बैठक के बाद मीडिया से चर्चा कर रहे थे। उन्होंने मीडिया को जिले के विकास और शासन की प्राथमिकताओं के संबंध में जानकारी दी।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि जिले के विकास के लिए प्रभावशाली नागरिकों, जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की गई है। इसके आधार पर जिले की आवश्यकताओं और प्राथमिकताओं के आधार पर विकास कार्य योजना तैयार की जाएगी। उन्होंने कहा कि राज्य में पहले उद्योग निवेश वर्ष मनाया गया। वर्तमान में किसान कल्याण वर्ष मनाया जा रहा है। सागर में रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव के बाद कई उद्योगपतियों ने निवेश कर उद्योग स्थापित किए हैं और उत्पादन भी प्रारंभ हो गया है।
*कुशल श्रमिक होंगे तैयार*
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि निवाड़ी-टीकमगढ़ के बीच 3 हजार करोड़ रुपये की इस्पात उद्योग इकाई भी प्रारंभ हो गई है। उन्होंने कहा कि राज्य में फूड प्रोसेसिंग आधारित उद्योग स्थापित किए जाएंगे, जिससे युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजित होंगे। इसके लिए आईटीआई एवं कौशल विकास के माध्यम से उद्योगों की आवश्यकता के अनुरूप कुशल श्रमिक तैयार किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि किसान सम्मान निधि, लाड़ली बहना योजना सहित सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना सुनिश्चित किया जा रहा है। निराश्रित बच्चों को 4,000 रुपये प्रतिमाह की सहायता दी जा रही है। योजनाओं का सर्वे कराकर पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए हैं।
*लापरवाहों पर की जाएगी कार्रवाई*
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सुशासन हमारी प्राथमिकता है। सीएम हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों पर त्वरित एवं सख्त कार्रवाई की जाएगी। नल-जल योजना एवं राशन वितरण सहित सभी योजनाओं को धरातल पर प्रभावी रूप से लागू किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।


