कटनी (20 अगस्त) – जिले में मदिरा के अवैध निर्माण, संग्रहण, परिवहन एवं विक्रय के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के कलेक्टर श्री आशीष तिवारी के निर्देश के पालन में आबकारी विभाग द्वारा विशेष अभियान चलाकर लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में आबकारी नियंत्रण कक्ष प्रभारी सहायक जिला आबकारी अधिकारी श्री मंशाराम उइके के मार्गदर्शन में आबकारी विभाग की संयुक्त टीम द्वारा आबकारी वृत्त स्लीमनाबाद अंतर्गत ग्राम स्लीमनाबाद, छपरा, सिहुड़ी एवं धरवारा में कार्रवाई की गई।
दबिश के दौरान टीम ने 35 लीटर हाथ भट्टी मदिरा तथा 700 किलोग्राम महुआ लाहन जब्त किया। जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत 75 हजार 250 रुपये बताई गई है। जब्त महुआ लाहन का सैंपल लेने के बाद मौके पर ही नष्ट किया गया। कार्रवाई में मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम, 1915 की सुसंगत धाराओं के तहत कुल 16 न्यायालयीन प्रकरण पंजीबद्ध किए गए।
कार्रवाई में सहायक जिला आबकारी अधिकारी सूर्याभन कोरी एवं प्रवीण रतन बरकड़े, आबकारी उपनिरीक्षक अतुल कुटार, आंचल प्रजापति एवं सीमा देवी कोल सहित अन्य आबकारी अमला शामिल रहा।
आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध मदिरा के निर्माण, संग्रहण, परिवहन एवं विक्रय की रोकथाम के लिए इस प्रकार की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।

