कटनी (20 अगस्त)- संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के अवसर पर जिले में समरसता संकल्प अभियान एवं कलश वंदन यात्रा का भव्य शुभारंभ गुरुवार 20 अगस्त को नगर निगम ऑडिटोरियम, बस स्टैंड से हुआ। इस मौके पर जनप्रतिनिधियों ने हरी झंडी दिखाकर कलश वंदन यात्रा को रवाना किया। यात्रा के माध्यम से संत रविदास जी के समरसता, समानता, भाईचारे और सामाजिक एकता के संदेश को गांव-गांव और जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।
इस अवसर पर मुड़वारा विधायक श्री संदीप श्रीप्रसाद जायसवाल, बड़वारा विधायक श्री धीरेन्द्र बहादुर सिंह, महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सुनीता मेहरा, कलेक्टर श्री आशीष तिवारी, नगर निगम अध्यक्ष श्री मनीष पाठक, भाजपा जिलाध्यक्ष श्री दीपक टंडन सोनी, नगर निगम आयुक्त सुश्री तपस्या परिहार, श्री रामरतन पायल, श्री मृदुल मिश्रा, श्री ओमी अहिरवार, श्री चन्दन सिंह सहित जनप्रतिनिधि, समाजसेवी, शिक्षक एवं बड़ी संख्या में स्कूली विद्यार्थी उपस्थित रहे।
विविधताओं के बीच एकजुट रहना ही संत रविदास जी की सच्ची सीख : कलेक्टर श्री तिवारी
कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने संत रविदास महाराज को नमन करते हुए कहा कि भारत विविधताओं से भरा देश है। यहां अलग-अलग जाति, धर्म और समुदाय के लोग रहते हैं, लेकिन हमारी पहचान आपसी प्रेम, भाईचारे और एकता से है। उन्होंने कहा कि संत रविदास जी ने समाज को समानता, सद्भाव और मिल-जुलकर रहने का संदेश दिया। हमें उनकी शिक्षाओं को केवल सुनना नहीं, बल्कि अपने आचरण और जीवन में आत्मसात करना चाहिए। उन्होंने जिलेवासियों से अपील की कि कलश वंदन यात्रा जिस भी गांव से होकर गुजरे, वहां श्रद्धा, उत्साह और आत्मीयता के साथ उसका स्वागत करें। ताकि संत रविदास के आदर्शों और विचारों से जन-जन अवगत हो सकें।
गांव-गांव पहुंचेगा समरसता का संदेश- श्री टंडन
कार्यक्रम को संबोधित करते हुये जिला भाजपा अध्यक्ष श्री दीपक टंडन सोनी ने कहा कि प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के गांव-गांव में कलश के साथ यात्रा पहुंचेगी। इस दौरान नागरिकों को संत रविदास जी के विचारों और सामाजिक समरसता के संदेश से जोड़ा जाएगा।
इसके पहले संत रविदास की पूजा-अर्चना कर और उनके तैल चित्र में माल्यार्पण कर समारोह का शुभारंभ किया गया। इस मौके पर छात्राओं द्वारा विविध सांस्कृतिक कार्यक्रमों, संत रविदास के भजनों और देशभक्ति गीतों का मंचन किया गया। जिसे लोगों ने खूब सराहा।


