नकली पनीर-दूध की फैक्ट्री पर फूड सेफ्टी का छापा, 5 क्विंटल से ज्यादा पनीर और 2 हजार लीटर दूध नष्ट
मथुरा। जिले में खाद्य सुरक्षा विभाग ने नकली पनीर और दूध बनाने वाली फैक्ट्री पर बड़ी कार्रवाई की है। छापेमारी के दौरान मौके से 5 क्विंटल से ज्यादा पनीर और करीब 2,000 लीटर दूध बरामद हुआ, जिसे अधिकारियों ने नष्ट करा दिया। जांच के दौरान फैक्ट्री से 80 किलो रिफाइंड, 20 किलो टिनोपॉल केमिकल और 12 किलो सोडियम हाइड्रोसल्फेट समेत अन्य सामग्री बरामद की गई। इसके अलावा स्किम्ड मिल्क पाउडर और सोयाबीन भी मिला। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों के मुताबिक, इन केमिकल्स और अन्य सामग्री का इस्तेमाल कर कथित तौर पर नकली दूध और पनीर तैयार किया जा रहा था। कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने कुल 9 सैंपल जांच के लिए भेजे हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह फैक्ट्री लंबे समय से संचालित थी और यहां तैयार किया जा रहा पनीर ब्रज क्षेत्र के विभिन्न इलाकों के साथ दिल्ली तक सप्लाई किए जाने की बात सामने आई है। फूड सेफ्टी विभाग की कार्रवाई के बाद अब सैंपलों की जांच रिपोर्ट का इंतजार है। रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन और नकली खाद्य पदार्थों के निर्माण से जुड़े मामलों में आगे की कार्रवाई की जाएगी।