बड़वारा। ₹1 और ₹2 के सिक्के लेने से इनकार करने वाले दुकानदारों पर अब प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। सामाजिक कार्यकर्ता जय सूर्यवंशी के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन के बाद तहसीलदार के निर्देश पर रविवार को पूरे बड़वारा क्षेत्र में लाउडस्पीकर से मुनादी कराकर व्यापारियों को कड़ी चेतावनी दी गई।
मुनादी के जरिए साफ संदेश दिया गया कि वैध भारतीय मुद्रा के सिक्के लेने से इनकार करने वाले दुकानदारों के खिलाफ FIR दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बताया गया कि लंबे समय से ₹1 और ₹2 के सिक्कों को बंद होने की अफवाह फैलाकर आम लोगों, मजदूरों और गरीब वर्ग को परेशान किया जा रहा था। इसी मुद्दे को लेकर जय सूर्यवंशी ने स्थानीय नागरिकों के साथ तहसील कार्यालय पहुंचकर प्रशासन को ज्ञापन सौंपा था।
ज्ञापन में सिक्कों को लेकर फैली अफवाह पर रोक लगाने, व्यापारियों को स्पष्ट निर्देश जारी करने और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई की मांग की गई थी। प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल मुनादी कराने के निर्देश दिए।
मुनादी के बाद व्यापारियों में हड़कंप है, वहीं आम जनता को बड़ी राहत मिली है। प्रशासन की इस कार्रवाई को लेकर क्षेत्रवासियों ने सामाजिक कार्यकर्ता जय सूर्यवंशी और उनकी टीम के प्रयासों की सराहना की है।


