MP NEWS CAST मनीष गौतम
उज्जैन। महाकाल की नगरी उज्जैन में नागपंचमी के अवसर पर आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिलेगा। श्री महाकालेश्वर मंदिर की तीसरी मंजिल पर विराजमान भगवान श्री नागचंद्रेश्वर मंदिर के पट 16 अगस्त की रात 12 बजे श्रद्धालुओं के लिए खोले जाएंगे। मंदिर के पट साल में केवल एक बार नागपंचमी के अवसर पर खोले जाते हैं और इस बार श्रद्धालु लगातार 24 घंटे तक दर्शन कर सकेंगे।
इस बार नागपंचमी के साथ सावन के तीसरे सोमवार का भी विशेष संयोग बन रहा है। इसके चलते उज्जैन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। नागचंद्रेश्वर मंदिर में पट खुलने के बाद विशेष पूजन-अर्चना की जाएगी, जिसके पश्चात आम श्रद्धालुओं के लिए दर्शन शुरू होंगे।
भगवान नागचंद्रेश्वर की प्रतिमा में भगवान शिव-पार्वती नागों की शय्या पर विराजमान हैं। साल में केवल एक दिन मंदिर खुलने की परंपरा के कारण देशभर के श्रद्धालुओं में इस दर्शन को लेकर विशेष उत्साह रहता है।
16 अगस्त की मध्यरात्रि 12 बजे से 17 अगस्त की मध्यरात्रि 12 बजे तक श्रद्धालु भगवान नागचंद्रेश्वर के दर्शन कर सकेंगे।


