सिलौंडी। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में क्षेत्र की 12 ग्राम पंचायतों से बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे। जनसंवाद के दौरान ग्रामीणों ने सड़क, पेयजल, अतिक्रमण, प्रधानमंत्री आवास सहित विभिन्न समस्याओं को लेकर कुल 192 आवेदन जिला कलेक्टर श्री आशीष तिवारी एवं जिला पंचायत सीईओ के समक्ष प्रस्तुत किए।
जिला कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने जिला पंचायत सदस्य कविता पंकज राय के साथ सिलौंडी क्षेत्र का भ्रमण कर विभिन्न शासकीय विकास कार्यों का निरीक्षण किया और ग्रामीणों की समस्याएं मौके पर सुनीं।
15 सूत्रीय ज्ञापन में उठीं क्षेत्र की प्रमुख समस्याएं
सिलौंडी ग्राम पंचायत के उपसरपंच राहुल राय ने 15 सूत्रीय ज्ञापन सौंपकर चांडी माता मार्ग, अम्हेता मार्ग, घनहन मार्ग सहित सेंट्रल बैंक में आम जनता को हो रही परेशानियों से कलेक्टर को अवगत कराया।
वहीं सोसायटी से बसहेरा मार्ग के समीप किसानों ने कलेक्टर के काफिले को रोककर सड़क की बदहाल स्थिति दिखाई और मार्ग के सुधार की मांग रखी।
शंकर लाल राय ने कुंडम मार्ग के चौड़ीकरण, आईटीआई भवन एवं नेगई में बड़ा बस स्टैंड बनाए जाने की मांग रखी। नीरज राय एवं शिवा नामदेव ने नेगई पुल तथा कृषि उपज मंडी निर्माण की मांग कलेक्टर के समक्ष रखी।
ग्राम पंचायत गुड़ा के सरपंच साकेत लोनी ने शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाने की मांग की, जबकि लालपुर सरपंच मीना मोहन बागरी ने सांगवा पुल का जल्द निर्माण कराने का आवेदन सौंपा।
सिलौंडी बस स्टैंड पर शौचालय निर्माण के निर्देश
ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए जिला कलेक्टर ने सिलौंडी बस स्टैंड में जल्द से जल्द शौचालय निर्माण कराने के लिए एसडीएम को निर्देशित किया।
कछार के उद्यान और गौरा स्कूल का किया निरीक्षण
दौरे के दौरान कलेक्टर ने कछार गांव में बनाए गए उद्यान का निरीक्षण किया और सरपंच कैलाश चंद्र जैन द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की।
इसके बाद गौरा स्कूल पहुंचकर कलेक्टर ने विद्यार्थियों से आत्मीय संवाद किया। बच्चों की पढ़ाई के संबंध में जानकारी लेते हुए उन्होंने शिक्षक महेंद्र सिंह को इसी तरह बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने विद्यालय के लिए आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराने का भी आश्वासन दिया।
जनसंवाद और क्षेत्रीय भ्रमण के दौरान जिला पंचायत सदस्य कविता पंकज राय, मंडल अध्यक्ष मनीष सिंह बागरी, भाजपा जिला मंत्री डॉ. प्रशांत राय, जिला पंचायत सीईओ, जनपद पंचायत सीईओ, तहसीलदार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।


