कैमोर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर नगर परिषद कैमोर में राष्ट्रभक्ति और उत्साह के साथ स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर नगर परिषद परिसर में ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी गई। कार्यक्रम में नगर परिषद के जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों की मौजूदगी रही।
नगर परिषद कैमोर की ओर से जारी अपील में नगरवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए देश की आजादी के लिए अपने प्राण न्यौछावर करने वाले स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं अमर शहीदों को नमन किया गया।
अपील में नागरिकों से स्वच्छ भारत अभियान को सफल बनाने के लिए नगर को स्वच्छ एवं सुंदर रखने में सहयोग करने तथा सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने और कपड़े के थैले का अधिक से अधिक इस्तेमाल करने का आग्रह किया गया।
साथ ही घरों के नलों में टोंटी अनिवार्य रूप से लगाने और पानी को व्यर्थ बहने से रोकने की अपील की गई। नगर परिषद द्वारा करदाताओं से समय पर कर जमा कराकर नगर के विकास कार्यों में सहयोग करने तथा प्रत्येक परिवार से कम से कम एक पेड़ लगाने का आह्वान भी किया गया।
इस अवसर पर नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती पलक नमित कोवर, उपाध्यक्ष श्री संतोष केवट एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री मनीष परते सहित पार्षदगण एवं नगर परिषद का अमला उपस्थित रहा।
नगर परिषद ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर नागरिकों से राष्ट्रहित, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और नगर के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।


