कटनी (09 अगस्त) – ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत नागरिकों को राष्ट्रीय ध्वज सहज रूप से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कलेक्टर कार्यालय एवं नगर पालिक निगम कटनी के मुख्य प्रवेश द्वार पर तिरंगा स्टॉल लगाया गया है।

निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार के निर्देशन में स्थापित इन स्टॉल का संचालन महिला स्व-सहायता समूह की महिलाओं द्वारा किया जा रहा है। स्टॉल पर नागरिकों को निर्धारित दर पर तिरंगा तथा बैच एवं हैंड बैंड उपलब्ध कराए जा रहे हैं।जनप्रतिनिधियों,आम नागरिक के साथ ही अधिकारियों-कर्मचारी भी इस स्टॉल से निर्धारित दर पर राष्ट्रीय ध्वज प्राप्त कर सकते हैं।
निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने नागरिकों से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में उत्साहपूर्वक सहभागिता करने तथा राष्ट्रीय ध्वज को भारतीय ध्वज संहिता के प्रावधानों एवं उसकी गरिमा के अनुरूप सम्मानपूर्वक फहराने की अपील की है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रीय गौरव का प्रतीक है। अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक नागरिकों को इससे जोड़ना और स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जनभागीदारी को बढ़ावा देना है। निगम प्रशासन द्वारा शासकीय एवं निजी कार्यालयों, शैक्षणिक संस्थानों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों एवं अन्य संस्थाओं से भी अभियान में सहभागिता का आग्रह किया गया है।


