रजिस्टर एवं पहचान पत्रों की जांच, शैडो एरिया का भ्रमण, संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग-फ्रिस्किंग कर दिए सुरक्षा संबंधी आवश्यक निर्देश*
अपराधों की रोकथाम, कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखने के उद्देश्य से कटनी पुलिस द्वारा जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में होटल, गेस्ट हाउस एवं ढाबों पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर आगंतुकों के रजिस्टर एवं पहचान पत्रों की जांच की, शैडो एरिया का भ्रमण किया तथा संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग एवं फ्रिस्किंग की गई।
पुलिस अधीक्षक श्री अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कमल मौर्य के मार्गदर्शन में सभी थाना प्रभारियों एवं पुलिस टीमों ने अपने-अपने थाना क्षेत्रों के होटल, गेस्ट हाउस एवं ढाबों का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान आगंतुक रजिस्टरों का बारीकी से परीक्षण कर दर्ज विवरणों का सत्यापन किया गया तथा संचालकों को रिकॉर्ड संधारण व्यवस्था को व्यवस्थित एवं अद्यतन रखने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान होटल एवं गेस्ट हाउस संचालकों को स्पष्ट रूप से निर्देशित किया गया कि बिना वैध पहचान पत्र (आईडी प्रूफ) एवं आवश्यक सत्यापन के किसी भी व्यक्ति को कमरा उपलब्ध न कराया जाए। प्रत्येक ग्राहक का नाम, पता, मोबाइल नंबर एवं पहचान संबंधी विवरण रजिस्टर में अनिवार्य रूप से दर्ज किया जाए, जिससे आवश्यकता पड़ने पर जांच एजेंसियों को तत्काल जानकारी उपलब्ध कराई जा सके।
अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने शैडो एरिया एवं संवेदनशील स्थानों का भ्रमण कर संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग एवं फ्रिस्किंग भी की। साथ ही सार्वजनिक सुरक्षा की दृष्टि से आवश्यक सतर्कता बरतने एवं किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
*विशेष हिदायतों का रखें ध्यान* – पुलिस द्वारा संचालकों को यह भी हिदायत दी गई कि किसी भी नाबालिग को वैधानिक प्रक्रिया का पालन किए बिना कमरा उपलब्ध न कराया जाए। यदि किसी व्यक्ति की पहचान, आयु अथवा गतिविधियों को लेकर किसी प्रकार का संदेह हो तो इसकी सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस को दें। सभी संचालकों से कानून द्वारा निर्धारित नियमों का कड़ाई से पालन करने की अपील की गई।
*संदिग्ध गतिविधियों की तत्काल दें सूचना* – कटनी पुलिस ने होटल, गेस्ट हाउस एवं ढाबा संचालकों से अपील की है कि अपराधों की रोकथाम एवं जिले में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें। यदि कोई संदिग्ध व्यक्ति ठहरने का प्रयास करे अथवा किसी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो इसकी सूचना बिना विलंब स्थानीय पुलिस अथवा पुलिस कंट्रोल रूम के मोबाइल नंबर 7587615946 , डायल-112 पर दें।


