MP NEWS CAST मनीष गौतम
कटनी। जिले में दवाओं के सुरक्षित एवं वैधानिक विक्रय को सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने निगरानी और सख्ती तेज कर दी है। जिला स्तरीय एनकोर्ड समिति की बैठक में कलेक्टर श्री आशीष तिवारी द्वारा दिए गए निर्देशों के पालन में औषधि प्रशासन विभाग ने शनिवार को शहर के विभिन्न मेडिकल स्टोर्स पर औचक निरीक्षण अभियान चलाया। ड्रग इंस्पेक्टर सोनम जैन के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई के दौरान औषधि विक्रय से जुड़े अभिलेखों, दवा भंडारण, लाइसेंस संबंधी प्रावधानों तथा वैधानिक व्यवस्थाओं का गहन परीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान शासकीय अस्पताल के समीप स्थित विनय मेडिकल एवं शर्मा मेडिकल, दुर्गा चौक स्थित मनोहर मेडिकल एवं सम्पत मेडिकल, आकाश मेडिकल, हरी मेडिकल, रोशन नगर स्थित तिवारी मेडिकल एंड जनरल स्टोर, आयुष मेडिकेयर, तिलक कॉलेज रोड स्थित अनिल मेडिकल एंड जनरल स्टोर तथा अंशिका मेडिकल सहित अनेक औषधि विक्रय प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया।
जांच के दौरान औषधि विक्रेताओं को निर्देशित किया गया कि औषधियों के क्रय-विक्रय संबंधी समस्त अभिलेख अद्यतन एवं नियमानुसार संधारित किए जाएं तथा प्रत्येक दवा का विक्रय केवल औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम तथा निर्धारित वैधानिक प्रावधानों के अनुरूप ही किया जाए। कुछ प्रतिष्ठानों से औषधियों के क्रय एवं विक्रय से संबंधित रिकॉर्ड प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
निरीक्षण के दौरान ड्रग इंस्पेक्टर ने स्पष्ट रूप से कहा कि फार्मासिस्ट की अनुपस्थिति में किसी भी प्रकार की शेड्यूल दवा का विक्रय नहीं किया जाएगा। बिना बिल के दवा बेचना, एक्सपायरी दवाइयों को विक्रय काउंटर पर रखना तथा फिजिशियन सैंपल की बिक्री पूरी तरह प्रतिबंधित है। इसके साथ ही चार वर्ष से कम आयु के बच्चों को चिकित्सकीय परामर्श के बिना कोई दवा नहीं देने तथा किसी भी प्रकार की कफ सिरप का विक्रय केवल चिकित्सक के वैध पर्चे के आधार पर ही करने के निर्देश दिए गए।


