कटनी (28 जुलाई) – जिले के आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जनसुनवाई में कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने जिले के विभिन्न अंचलों से पहुंचे 190 की समस्याएं पूरी गंभीरता, धैर्य और संवेदनशीलता से सुनीं तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रत्येक प्रकरण का समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी और संतोषजनक निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
इस दौरान जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर, अपर कलेक्टर श्री नीलांबर मिश्रा, एसडीएम बहोरीबंद श्री प्रदीप मिश्रा सहित सभी विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।
जनसुनवाई में राजस्व विभाग से भूमि विवाद, सीमांकन, नामांतरण, भूमि आवंटन, अतिक्रमण हटाने, नक्शा सुधार एवं अन्य प्रकरण प्रमुख रहे। वहीं शिक्षा विभाग से हाईस्कूल बड़ागांव में प्रवेश न मिलने शिकायत प्राप्त हुईं। इसी प्रकार महिला एवं बाल विकास से
योजना की राशि दिलाने, विद्युत विभाग से ट्रांसफार्मर बदलने सम्बंधित, पेंशन विभाग से 100 फीसदी पेंशन व ग्रेजुयटी का भुगतान न किए जाने के संबंध में व वृद्धावस्था पेंशन स्वीकृत किए जाने सम्बंधित और पीएम आवास योजना की नई सूची में नाम जुड़वाने सहित विभिन्न विभागों से जुड़े अनेक जनहित के मामलों पर भी आवेदकों ने अपनी समस्याएं रखीं।
कलेक्टर श्री तिवारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक आवेदन का तथ्यों के आधार पर परीक्षण कर प्राथमिकता से कार्रवाई की जाए तथा निराकरण की नियमित मॉनिटरिंग भी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी नागरिक को अपनी समस्या के समाधान के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, यह प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।


