कटनी।
जिले के ग्रामीण इलाकों में दबंगई, रंजिश और अड़ीबाजी के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। पिछले 24 घंटों में स्लीमनाबाद, बाकल और ढीमरखेड़ा थाना क्षेत्रों में दबंगों ने जमकर उत्पात मचाया। कहीं शराब पीने के लिए पैसे न देने पर महिला को जान से मारने की धमकी दी गई, तो कहीं पुरानी रंजिश में एकराय होकर युवकों पर लाठी-रॉड से हमला कर दिया गया।
*1. स्लीमनाबाद: शराब के लिए मांगे पैसे, मना करने पर महिला को धमकी*
स्थान: ग्राम पडवार (थाना स्लीमनाबाद)
ग्राम पडवार निवासी उमा सिंह पति स्व. भीम सिंह राजपूत (41 वर्ष) ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है कि गांव का ही धर्मेंद्र उर्फ लल्लू दाहिया पिता राम प्रसाद दाहिया उनके घर पहुंचा और शराब पीने के लिए पैसों की मांग करने लगा। जब प्रार्थिया ने पैसे देने से साफ इनकार कर दिया, तो आरोपी ने मां-बहन की गंदी-गंदी गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी दी। स्लीमनाबाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
*2. धरवारा में जानलेवा हमला: 6 लोगों ने लाठी-रॉड से युवक को पीटा*
स्थान: कमलेश दुबे की दुकान के सामने, धरवारा (थाना स्लीमनाबाद)
धरवारा गांव में पुरानी रंजिश को लेकर खज्जू चौधरी (50 वर्ष) पर गांव के ही 6 दबंगों ने एकराय होकर हमला बोल दिया। आरोपी काशीराम चौधरी, दिनेश उर्फ महेश चौधरी, बल्लू चौधरी, दीपक चौधरी, राजा उर्फ राकेश चौधरी और सुरेंद्र चौधरी ने एकमत होकर गाली-गलौज करते हुए लाठी और लोहे की रॉड से खज्जू चौधरी पर जान से मारने की नियत से हमला कर दिया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 109(1), 296बी, 115(2), 3(5) BNS के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है।
*3. बाकल (खखरा): रास्ता रोककर मारपीट और धमकी*
स्थान: खखरा (थाना बाकल)
ग्राम खखरा निवासी जागेश्वर यादव (36 वर्ष) को रास्ते में रोककर कमलेश यादव, खिलान यादव और मायाबाई ने अकारण गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। बाकल पुलिस ने धारा 126(2), 296ए, 115(2), 351(3), 3(5) BNS के तहत मामला दर्ज किया है।
*4. ढीमरखेड़ा: खमतरा और खम्हरिया में मारपीट के दो मामले दर्ज*
स्थान: ग्राम खमतरा एवं खम्हरिया (थाना ढीमरखेड़ा)
* पहला मामला (खमतरा): ग्राम पहरुआ निवासी तेजी लाल साहू (40 वर्ष) के साथ खमतरा निवासी संजय प्रताप मोहनलाल बर्मन ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी।
* दूसरा मामला (खम्हरिया): खम्हरिया निवासी विदेशी कोल (45 वर्ष) पर गांव के ही प्रहलाद कोल, सुनील गौड़, रजनी और सुखवारा बाई ने एकराय होकर हमला बोल दिया और गाली-गलौज कर मारपीट की।
ढीमरखेड़ा पुलिस ने दोनों मामलों में BNS की धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


