पन्ना। जिले के रैपुरा कस्बे में उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब कथित तौर पर नशे की हालत में एक युवक पुलिस थाने के परिसर में खड़ा सरकारी वाहन लेकर निकल गया। आरोप है कि युवक तेज रफ्तार से वाहन चलाते हुए साप्ताहिक हाट बाजार की ओर पहुंचा, जहां रास्ते में कई वाहनों को टक्कर लगी। घटना से बाजार में मौजूद लोगों के बीच दहशत फैल गई। घटनाक्रम से जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, युवक की पहचान इमलिया गांव निवासी सुखेंद्र बुंदेला, पिता रनमत सिंह के रूप में बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि वह किसी काम से रैपुरा थाने पहुंचा था। वहां पुलिसकर्मियों से कथित विवाद के बाद वह थाने से बाहर निकला और परिसर में खड़े सरकारी वाहन को लेकर चला गया। बताया जा रहा है कि वाहन में चाबी लगी हुई थी। हालांकि, पूरे घटनाक्रम और परिस्थितियों को लेकर पुलिस का आधिकारिक पक्ष सामने आने के बाद स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।
कटनी तिराहे के पास बाइक सवार को मारी टक्कर
आरोप है कि सरकारी वाहन लेकर निकले युवक ने रास्ते में कई वाहनों को टक्कर मारी। कटनी तिराहे के पास एक बाइक सवार भी वाहन की चपेट में आ गया। टक्कर के बाद बाइक सरकारी वाहन के नीचे फंस गई और कुछ दूरी तक घिसटती चली गई। इस दौरान बाजार क्षेत्र में मौजूद लोग अपनी सुरक्षा के लिए सड़क से हटते नजर आए।
घटना के समय रैपुरा में साप्ताहिक हाट बाजार होने के कारण बड़ी संख्या में ग्रामीण और स्थानीय लोग मौजूद थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज रफ्तार वाहन को देखकर बाजार में कुछ समय के लिए भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। बताया जा रहा है कि रास्ते में एक कार और बस को भी टक्कर लगी।
पुलिस ने पीछा कर युवक को पकड़ा
सरकारी वाहन लेकर युवक के निकलने की जानकारी मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और उसका पीछा शुरू किया। पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में घेराबंदी की और कथित तौर पर अवंतीबाई चौक के पास युवक को पकड़ लिया। इसके बाद उसे पुलिस की अभिरक्षा में लिया गया।
इस घटना के बाद सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि थाने के परिसर में खड़ा सरकारी वाहन कोई व्यक्ति इतनी आसानी से लेकर कैसे निकल गया। यदि वाहन में चाबी लगी हुई थी तो सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े होना स्वाभाविक है। फिलहाल मामले में पुलिस की ओर से विस्तृत आधिकारिक जानकारी और आगे की कानूनी कार्रवाई का इंतजार है।
MP NEWS CAST


