*भैंस के आगे बीन, एक बार फिर देवरी- मझगवा मार्ग में अनोखे प्रदर्शन से लोक निर्माण विभाग को जगाने की कोशिश*
जलजमाव और सड़कों के गड्ढों से परेशान जनता अब अधिकारियों को जगाने के लिए अनोखे और गांधीवादी तरीकों का सहारा ले रही है। सोशल मीडिया पर एक वीडियो जमकर वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ युवाओं ने सड़क पर भरे पानी के बीच एक भैंस खड़ी की और उसके आगे बीन बजाकर लोक निर्माण विभाग के खिलाफ अनोखा विरोध प्रदर्शन किया।
*भैंस के आगे बीन बजाना हुआ सच*
अक्सर हम यह कहावत सुनते हैं कि भैंस के आगे बीन बजाना यानी किसी बेअसर इंसान को अपनी बात समझाना। वायरल वीडियो में युवाओं ने इस कहावत को हकीकत में बदल दिया। घुटनों तक भरे पानी में खड़े होकर एक युवक ने लोक निर्माण विभाग को सीधे चेतावनी दी।
*युवाओं ने नारे लगाते हुए कहा:*
हे लोक निर्माण विभाग, हम तुमको कई बार सूचना देकर थक गए हैं। इसलिए आज प्रतीकात्मक रूप से तुमको भैंस के स्वरूप में मानकर, तुम्हारे आगे बीन बजाकर चेतावनी दे रहे हैं!
*एक हफ्ते का अल्टीमेटम*
*नहीं तो होगा चक्का जाम*
प्रदर्शन कर रहे स्थानीय निवासियों का कहना है कि वे सड़कों की बदहाली और जलजमाव की शिकायत कई बार अधिकारियों से कर चुके हैं, लेकिन विभाग के कान पर जूं तक नहीं रेंग रही।
गुस्साए युवाओं ने साफ तौर पर कहा है कि यदि एक सप्ताह के भीतर इस सड़क के गड्ढों को नहीं भरा गया और जल निकासी की व्यवस्था नहीं की गई, तो वे उग्र आंदोलन करेंगे और चक्का जाम करने को मजबूर होंगे।
*जनता की बड़ी मांग*
सड़क पर पानी भरने की वजह से राहगीरों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। अब देखना यह होगा कि एक बार और इस अनोखे प्रदर्शन से लोक निर्माण विभाग कब तक जागते है।
*सुनील सिंगोते*
*पत्रकार-कैमोर*


