रिपोर्टर सीमा कैथवास
नर्मदापुरम। जिला मुख्यालय पर पॉश कॉलोनी “रिवर व्यू” के सूने घर में पिछले दिनों लाखों रुपए की चोरी की घटना के मामले में पुलिस अधीक्षक साईं कृष्णा एस थोटा ने पत्रकार वार्ता कर 72 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। चोरी के इस खुलासा में सीसीटीवी कैमरों सहित तकनीकी साक्ष्य की अहम भूमिका रही। पत्रकार वार्ता में एएसपी अभिषेक राजन, एसडीओपी नर्मदापुरम जितेंद्र पाठक, सिटी कोतवाली टीआई गौरव सिंह बुंदेला सहित पुलिस टीम विशेष रूप से मौजूद रही। पुलिस टीम ने रिवर व्यू जैसी पॉश कॉलोनी के सूने मकान में हुई लाखों रुपये की चोरी का सफलतापूर्वक पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लगभग ₹11 लाख मूल्य का चोरी गया मशरूका बरामद करने में उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की है।
घटना दिनांक 08 जुलाई 2026 फरियादी कपिल शर्मा (36) वर्तमान निवासी रिवर व्यू कॉलोनी, नर्मदापुरम द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि वे 05 जुलाई 2026 को अपने निवास पर ताला लगाकर जयपुर गए थे। वापस लौटने पर 07 जुलाई 2026 को उन्होंने देखा कि अज्ञात व्यक्ति घर का ताला तोड़कर 9 लैपटॉप, 10 कंप्यूटर सिस्टम, राडो कंपनी की घड़ी, एलईडी टीवी, आरओ एवं अन्य सामान चोरी कर ले गए हैं। रिपोर्ट के आधार पर थाना कोतवाली, नर्मदापुरम में अपराध क्रमांक 647/2026 अंतर्गत धारा 331(4) एवं 305(ए) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने मुखबिर की सूचना, सीसीटीवी तकनीकी एवं भौतिक साक्ष्यों तथा वैज्ञानिक अनुसंधान के आधार पर फरियादी के कार चालक वाजिद गुफरान सिद्दीकी से कड़ाई से पूछताछ कर बैंक खातों एवं अन्य साक्ष्यों के विश्लेषण के बाद आरोपी ने चोरी करना स्वीकार कर लिया।पूछताछ में उसने बताया कि चोरी किए गए 7 कंप्यूटर सिस्टम एवं 5 लैपटॉप अपने परिचित आफताब खान, निवासी खजराना (इंदौर) को बेच दिए थे, जबकि शेष 4 कंप्यूटर सिस्टम, 4 लैपटॉप, विदेशी कंपनी राडो की किमती घड़ी,एलईडी टीवी, आरओ, इलेक्ट्रिक केतली, ट्रिमर सहित अन्य सामान अपने घर में छिपाकर रखा था। पुलिस ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लगभग ₹11 लाख मूल्य का चोरी गया मशरूका बरामद कर लिया। उक्त घटना में आरोपी वाजिद गुफरान सिद्दीकी, निवासी जहांगीराबाद, भोपाल वर्तमान पता: अग्निहोत्री कॉलोनी, नर्मदापुरम और आफताब खान, निवासी खजराना, इंदौर को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक गौरव सिंह बुंदेला के नेतृत्व में सउनि संजय रघुवंशी, प्रधान आरक्षक रितेश यदुवंशी, आरक्षक पंकेश बघेला, अविनाशी हारोडे, अजमेश चंद्रोल,हरीश डिगरसे, भिक्कू यादव तथा साइबर सेल के आरक्षक दीपेश सोलंकी की विशेष एवं सराहनीय भूमिका रही।

