कटनी। ट्रेनों और रेलवे परिसरों में यात्रियों के सामान की चोरी की घटनाओं पर कार्रवाई करते हुए जीआरपी कटनी ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी मात्रा में चोरी का सामान बरामद किया है। बरामद संपत्ति की अनुमानित कीमत 6 लाख 42 हजार 500 रुपये बताई जा रही है।
रेल पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में जीआरपी कटनी द्वारा रेलवे क्षेत्र में सक्रिय अपराधियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के दौरान पुलिस ने पूर्व में दर्ज एक मामले में अमित सिंह रघवार और शरद उर्फ गोलू झारिया को गिरफ्त में लेकर पूछताछ की।
पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपियों से पूछताछ में चोरी की अन्य घटनाओं से जुड़ी जानकारी सामने आई। इसके बाद जांच का दायरा बढ़ाते हुए जीआरपी ने दो अन्य मामलों में चोरी गए सामान की बरामदगी की।
आरोपियों की निशानदेही और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने एक सोने की अंगूठी, दो जोड़ी चांदी की पायल, अलग-अलग कंपनियों के पांच एंड्रॉयड मोबाइल फोन और अन्य सामान जब्त किया है।
जीआरपी के अनुसार बरामद किए गए सामान की कुल अनुमानित कीमत 6 लाख 42 हजार 500 रुपये है। आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया गया।
रेलवे पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ट्रेनों और रेलवे परिसरों में यात्रियों की सुरक्षा को लेकर अभियान लगातार जारी रहेगा। संदिग्ध गतिविधियों और रेलवे क्षेत्र में अपराध करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


