रिपोर्टर सुरेश सेन
बरही। नगर परिषद बरही के वार्ड क्रमांक 15 हीरापुर में गौठान एवं मवेशियों के लिए सुरक्षित शासकीय भूमि पर कथित अवैध कब्जे का मामला सामने आया है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन पर शिकायतों के बावजूद कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया है।
जानकारी के अनुसार, लगभग 5 से 7 एकड़ शासकीय भूमि गौठान तथा मवेशियों के चरने और पानी पीने के लिए सुरक्षित बताई जाती है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि वार्ड निवासी सुनील चौधरी ने उक्त भूमि को ट्रैक्टर से जुतवाकर चारों ओर बाड़ लगाकर उस पर कब्जा कर लिया है।
ग्रामीणों का यह भी दावा है कि इससे पहले सुनील चौधरी के पिता सुंदर चौधरी द्वारा भी शासकीय भूमि पर कब्जा कर उसे ईंट-भट्टा संचालकों को किराये पर दिए जाने की शिकायतें की गई थीं। उनका कहना है कि शासन द्वारा पहले से लगभग 3 एकड़ भूमि आवंटित किए जाने के बावजूद अतिरिक्त शासकीय भूमि पर कब्जे के आरोप लग रहे हैं।
स्थानीय नागरिकों के अनुसार, इस संबंध में नगर परिषद बरही और तहसील कार्यालय में कई बार शिकायतें दी गईं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उनका कहना है कि यदि स्थिति ऐसी ही रही तो गौठान की भूमि समाप्त होने के साथ-साथ मवेशियों के लिए भी गंभीर समस्या उत्पन्न हो सकती है।

ग्रामीणों ने तहसीलदार एवं नगर परिषद प्रशासन से मांग की है कि राजस्व अमले के साथ मौके का निरीक्षण कर शासकीय भूमि की पैमाइश कराई जाए। यदि जांच में शिकायत सही पाई जाती है तो अवैध कब्जा हटाते हुए संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
नोट: यह समाचार स्थानीय नागरिकों द्वारा लगाए गए आरोपों और प्राप्त शिकायतों पर आधारित है। संबंधित पक्ष का पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।


