रिपोर्टर सीमा कैथवास
नर्मदापुरम/इटारसी। प्रदेश के सबसे बड़े रेलवे जंक्शन इटारसी रेलवे स्टेशन के उत्तर बंगलिया क्षेत्र में लंबे समय से अंडरपास और कलवर्ट पुलिया निर्माण की मांग अब मूर्त रूप लेती दिखाई दे रही है। शनिवार
कोजेडआरयूसीसी सदस्य योगेंद्र सिंह सहित रेलवे अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं वार्डवासियों ने बंगलिया पुल तथा डायवर्शन रोड के समीप रेलवे लाइन किनारे संभावित अंडरपास स्थल का संयुक्त निरीक्षण किया। गौरतलब है कि विगत दिनों वार्ड क्रमांक 8 की पार्षद ज्योति राजकुमार बाबरिया ने सांसद दर्शन सिंह चौधरी के समक्ष उत्तर बंगलिया में रेलवे अंडरपास तथा कलवर्ट पुलिया निर्माण की मांग रखी थी। सांसद के निर्देश के बाद रेलवे अधिकारियों द्वारा स्थल निरीक्षण की कार्रवाई की गई। निरीक्षण में सहायक मंडल अभियंता(अनुरक्षण)समय सिंह मीणा, जेडआरयूसीसी सदस्य योगेंद्र सिंह राजपूत, पार्षद प्रतिनिधि राजकुमार बाबरिया एवं जिला विकास सलाहकार समिति के सदस्य प्रशांत अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे।निरीक्षण के दौरान पार्षद प्रतिनिधि राजकुमार बाबरिया ने अधिकारियों को रेलवे लाइन के दोनों ओर रहने वाले नागरिकों की समस्याओं से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि रेलवे लाइन के कारण उत्तर बंगलिया, दक्षिण बंगलिया, सनखेड़ा नाका, काबड़ मोहल्ला, साईनाथ बेकरी क्षेत्र,आवाम नगर, पुरानी इटारसी सहित आसपास के हजारों लोगों को आवागमन में प्रतिदिन कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। यदि यहां अंडरपास का निर्माण होता है तो लोगों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी और वर्षों पुरानी समस्या का समाधान होगा। जेडआरयूसीसी सदस्य योगेंद्र सिंह राजपूत ने अधिकारियों से दोनों प्रस्तावों और उनके एस्टीमेट शीघ्र तैयार करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि प्रस्ताव तैयार होते ही सांसद दर्शन सिंह चौधरी के माध्यम से उन्हें स्वीकृति दिलाने का प्रयास किया जाएगा, ताकि क्षेत्रवासियों को जल्द राहत मिल सके।


