*योगेश गजभिये पांढुरना*.4 जुलाई 2026 को राम शांति विद्या मंदिर में छात्र नेतृत्व, अनुशासन एवं उत्तरदायित्व की भावना को सशक्त बनाने के उद्देश्य से इन्वेस्टीचर सेरेमनी का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ श्री अमित दानी (टी.आई. पांढुर्णा) द्वारा माँ सरस्वती के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। समारोह में नवगठित छात्रसंघ के पदाधिकारियों – हेड बॉय प्रेम जसुतकर, हेड गर्ल कु. अवनि भांगे, हाउस कैप्टन्स, वाइस कैप्टन्स तथा विभिन्न विभागों के छात्र प्रतिनिधियों को बैज एवं सैश पहनाकर उनके पदभार की औपचारिक जिम्मेदारी सौंपी गई। इसके पश्चात छात्रसंघ के सभी सदस्यों को विद्यालय की गरिमा बनाए रखने, अनुशासन का पालन करने तथा अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने हेतु शाला मैनेजर श्री रोहित धवले द्वारा शपथ ग्रहण कराई गई ।
चारों सदनों के विद्यार्थियों ने अपने-अपने ध्वज के साथ आकर्षक मार्च-पास्ट प्रस्तुत किया, जिसने उपस्थित सभी अतिथियों का मन मोह लिया। प्राचार्या श्रीमती चारू गुलाटी ने छात्र नेताओं को संबोधित करते हुए कहा कि नेतृत्व केवल अधिकार नहीं, बल्कि सेवा, जिम्मेदारी और अनुकरणीय आचरण का प्रतीक है। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने व्यवहार एवं कार्यों से विद्यालय का गौरव बढ़ाने के लिए प्रेरित किया। विद्यालय प्रबंधन ने नव-निर्वाचित छात्रसंघ के सभी पदाधिकारियों को शुभकामनाएँ देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि वे विद्यालय की परंपराओं, अनुशासन और उत्कृष्टता को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएँगे। कार्यक्रम का संचालन शाला शिक्षिका प्राजक्ता दाढ़े द्वारा किया गया।


