रिपोर्टर सीमा कैथवास
नर्मदापुरम। इटारसी के पथरौटा स्थित एनटीपीसी परिसर में वर्षों से संचालित टैगोर विद्या निकेतन स्कूल को बंद किए जाने के प्रस्ताव के संबंध में स्थानीय नागरिकों, विद्यालय के एलुमनी पूर्व छात्र-छात्राओं एवं अभिभावकों ने पूरी वस्तुस्थिति से सांसद दर्शन सिंह चौधरी को विषय से अवगत कराया। जिसके बाद सांसद श्री चौधरी ने मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए जिला प्रशासन एवं पीडब्ल्यूडी विभाग को संयुक्त निरीक्षण के निर्देश दिए। निरीक्षण में विद्यालय भवन सुरक्षित एवं आगामी एक वर्ष तक संचालन योग्य पाया गया। जिसके उपरांत गुरुवार से विद्यालय में पूर्व की भाँति नियमित कक्षाओं का संचालन पुनः प्रारंभ कर दिया गया। इससे 317 से अधिक विद्यार्थियों की शिक्षा निर्बाध रूप से जारी रहेगी। प्रतिनिधि योगेंद्र सिंह राजपूत ने बताया कि सांसद दर्शन सिंह चौधरी के त्वरित हस्तक्षेप एवं सकारात्मक पहल से विद्यालय का संचालन पुनः प्रारंभ हो सका। इसके लिए स्थानीय नागरिकों, अभिभावकों एवं विद्यालय परिवार ने उनका हृदय से आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर राज्यसभा सांसद माया नारोलिया, सिवनीमालवा विधायक प्रेम शंकर वर्मा, विद्यालय प्रबंधन समिति, स्थानीय जनप्रतिनिधिगण, एनटीपीसी के अधिकारी, जिला प्रशासन एवं पीडब्ल्यूडी विभाग के अधिकारीगण, स्थानीय अनुविभागीय अधिकारी तथा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


