*योगेश गजभिये पांढुरना*.आज दिनांक 30/06/2026 को नगर की प्रतिष्ठित शिक्षण संस्था राम शांति विद्या मंदिर में प्री-नर्सरी के नन्हे विद्यार्थियों के लिए ‘विद्या आरंभ संस्कार’ का आयोजन अत्यंत श्रद्धा, उल्लास एवं आध्यात्मिक वातावरण में किया गया। यह संस्कार बच्चों के जीवन में शिक्षा, संस्कार और ज्ञान की मंगलमयी शुरुआत का प्रतीक है। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं माँ सरस्वती की वंदना के साथ हुआ। तत्पश्चात गायत्री शक्तिपीठ के कार्यकर्ता श्री मनोहर पंवार एवं उनकी मंडली द्वारा माँ गायत्री, परम पूज्य गुरुदेव एवं परम वंदनीया माताजी के पूजन के उपरांत पंचकुंडीय गायत्री महायज्ञ संपन्न कराया गया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच नन्हे विद्यार्थियों का तिलक कर उन्हें अक्षर लेखन (ॐ, अ, 1 आदि) कराया गया तथा उनके उज्ज्वल शैक्षणिक जीवन की मंगलकामना की गई। इस अवसर पर विद्यार्थियों एवं अभिभावकों ने पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ सहभागिता की। विद्या आरंभ संस्कार ने सभी को भारतीय संस्कृति, नैतिक मूल्यों एवं शिक्षा के महत्व से जोड़ने का प्रेरणादायी संदेश दिया। कार्यक्रम के अंत में सभी बच्चों को आशीर्वाद प्रदान किया गया।
यह कार्यक्रम शाला के चेयरमैन श्री सुभाष बुधराजा, चेयरपर्सन श्रीमती सरोज बुधराजा एवं डायरेक्टर श्री शिवम बुधराजा के करकमलों से संपन्न हुआ। इस अवसर पर शाला प्राचार्या श्रीमती चारू गुलाटी, मैनेजर श्री रोहित धवले, समस्त स्टाफ एवं अभिभावकगण उपस्थित रहे।


