*योगेश गजभिये पांढुरना*.समाज सेवा की दिशा में एक सराहनीय कदम उठाते हुए सिविल अस्पताल पांढुर्णा के वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी एवं मेडिसिन विशेषज्ञ डॉ. घनश्याम लहरपुरे द्वारा गरीब, बेसहारा एवं आर्मी परिवारों के लिए निःशुल्क चिकित्सा परामर्श की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। डॉ. लहरपुरे लंबे समय से क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहे हैं और जरूरतमंद मरीजों के उपचार में विशेष भूमिका निभा रहे हैं। उनके इस अथक प्रयास का मुख्य उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग तथा सैनिक परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं बिना किसी शुल्क के उपलब्ध कराना है।
इस पहल के तहत मरीजों को सामान्य रोगों से लेकर गंभीर बीमारियों तक का परामर्श दिया जा रहा है। साथ ही आवश्यक जांच एवं उपचार संबंधी मार्गदर्शन भी निःशुल्क प्रदान किया जा रहा है, जिससे जरूरतमंद लोगों को काफी राहत मिल रही है। स्थानीय नागरिकों ने इस जनहितकारी पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। खासतौर पर गरीब एवं आर्मी परिवारों के लिए यह सुविधा किसी वरदान से कम नहीं है।


