बांदरी से दुर्गसिंह यादव की रिपोर्ट
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशानुसार अवैध शराब के निर्माण, परिवहन एवं विक्रय के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के अंतर्गत सागर पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस अधीक्षक श्री अनुराग सुजानिया के निर्देशन में जिले भर में अवैध शराब कारोबारियों के विरुद्ध लगातार प्रभावी एवं सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बीना श्री जयवीर सिंह भदौरिया के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी खुरई श्री प्रवीण अस्थाना के नेतृत्व में थाना बांदरी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ढाबे पर संचालित अवैध शराब के कारोबार का पर्दाफाश किया।
दिनांक 24 जून 2026 को कस्बा भ्रमण के दौरान पुलिस को विश्वसनीय सूचना प्राप्त हुई कि सौरभ ढाबा, बांदरी में बड़े पैमाने पर अवैध शराब का संग्रहण एवं विक्रय किया जा रहा है। सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक शशिकांत गुर्जर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर दबिश दी। थाना स्टाफ की उपस्थिति में विधिवत तलाशी लेने पर ढाबे के विभिन्न स्थानों से भारी मात्रा में अवैध शराब एवं बीयर बरामद हुई।
तलाशी के दौरान पुलिस ने विभिन्न ब्रांडों की 1280 पाव देशी एवं अंग्रेजी शराब तथा 198 बीयर केन, कुल 1478 पाव (338.58 बल्क लीटर) अवैध मदिरा बरामद की, जिसकी अनुमानित कीमत ₹2,22,400 है। इसके अतिरिक्त शराब विक्रय से प्राप्त ₹9,20,000 नगद भी मौके से जब्त किए गए। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग ₹11.42 लाख है।
मौके से सौरभ साहू (32 वर्ष), निवासी बांदरी एवं सुमित राय (22 वर्ष), निवासी पिठौरिया को गिरफ्तार किया गया।
विस्तृत विवेचना जारी है।
गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है।
*गिरफ्तार आरोपी*
1. सौरभ साहू, पिता बाबूलाल साहू, उम्र 32 वर्ष, निवासी बांदरी।
2. सुमित राय, पिता रमेश राय, उम्र 22 वर्ष, निवासी पिठौरिया।
*जब्त सामग्री*
– 1280 पाव देशी एवं अंग्रेजी अवैध शराब
– 198 बीयर केन
– कुल 1478 पाव (338.58 बल्क लीटर) अवैध मदिरा
– शराब की अनुमानित कीमत – ₹2,22,400
– नगद राशि – ₹9,20,000
– कुल जब्ती – लगभग ₹11.42 लाख
*सराहनीय भूमिका*
इस प्रभावी कार्रवाई में निरीक्षक सुमेर सिंह जगेत, उपनिरीक्षक शशिकांत गुर्जर, उपनिरीक्षक विजय पटेल, सहायक उपनिरीक्षक देवेन्द्र श्रीवास्तव, आरक्षक अविनाश मिश्रा, लोकेन्द्र यादव, राजेश यादव, जितेन्द्र गौड़, आशीष गौतम, मनीष तिवारी एवं प्रदीप शर्मा की विशेष एवं सराहनीय भूमिका रही।
सागर पुलिस का स्पष्ट संदेश है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण एवं विक्रय में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। आमजन की सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने हेतु इस प्रकार की सख्त कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।
बांदरी से दुर्गसिंह यादव की रिपोर्ट


