योगेश गजभिये पांढुरना*.आज दिनांक 25 जून 2026, गुरुवार को राम शांति विद्या मंदिर में छात्रसंघ चुनाव का सफल आयोजन किया गया। इस वर्ष चुनाव प्रक्रिया को और अधिक आधुनिक एवं रोचक बनाने के उद्देश्य से विद्यालय के रोबोटिक्स विभाग द्वारा निर्मित ईवीएम (Electronic Voting Machine) के माध्यम से मतदान कराया गया। विद्यार्थियों ने बड़े उत्साह के साथ इस तकनीकी पहल में भाग लेते हुए अपने मताधिकार का प्रयोग किया। चुनाव के माध्यम से विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक मूल्यों, मतदान प्रक्रिया तथा जिम्मेदार नागरिकता के महत्व से अवगत कराया गया। पिछले कई दिनों से विद्यालय में चुनावी गतिविधियाँ पूरे उत्साह के साथ संचालित हो रही थीं। विभिन्न पदों के उम्मीदवारों ने प्रचार-प्रसार कर विद्यार्थियों के समक्ष अपने विचार एवं योजनाएँ प्रस्तुत कीं तथा समर्थन की अपील की। विद्यालय के हेड बॉय एवं हेड गर्ल, स्पोर्ट्स मिनिस्टर, कम्युनिकेशन मिनिस्टर, डिसिप्लिन मिनिस्टर, कल्चरल मिनिस्टर के पद हेतु कक्षा 12वीं तथा डिप्टी हेड बॉय एवं डिप्टी हेड गर्ल पद हेतु कक्षा 10वीं के विद्यार्थियों ने चुनाव में भाग लिया। इसके अतिरिक्त विभिन्न हाउसों के हाउस कैप्टन्स के लिए भी मतदान कराया गया।
चुनाव प्रक्रिया का शुभारंभ विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती चारू गुलाटी द्वारा प्रथम मतदान कर किया गया। इसके पश्चात विद्यालय के मैनेजर श्री रोहित धवले, समस्त काॅर्डिनेटर, शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं विद्यार्थियों ने ईवीएम मशीन के माध्यम से मतदान किया। रोबोटिक्स विभाग द्वारा तैयार की गई ईवीएम मशीन विद्यार्थियों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रही। इस नवाचार ने विद्यार्थियों को तकनीक और लोकतंत्र के समन्वय का प्रत्यक्ष अनुभव प्रदान किया। मतदान के दौरान विद्यालय में उत्साह, अनुशासन एवं जागरूकता का वातावरण बना रहा। छात्रसंघ चुनाव का यह आयोजन विद्यार्थियों के लिए एक प्रेरणादायक एवं शिक्षाप्रद अनुभव सिद्ध हुआ।


