कटनी (19 जून) – नगर पालिक निगम कटनी की जल प्रदाय विभाग की टीम द्वारा
ग्रीष्मकालीन पेयजल आपूर्ति को सर्वोच्च प्राथमिकता पर रखते हुए कटाए घाट फिल्टर हाउस से ट्यूबवेल तक, पंपिंग स्टेशन से पाइपलाइन तक मॉनिटरिंग की जाकर हर घर तक निर्बाध, पर्याप्त और स्वच्छ पेयजल आपूर्ति हेतु प्रयास किए जा रहे है। इसके साथ ही पेयजल आपूर्ति की गुणवत्ता संबंधी जांच हेतु विगत दिवस नगर के विभिन्न 10 अलग अलग स्थलों से पेयजल के नमूने एकत्रित किए जाकर जांच हेतु भेजे गए।
*दैनिक मॉनिटरिंग से बन रही जल सुरक्षा की चेन*
जल संकट को रोकने निगम की टीम द्वारा ‘स्रोत से नल तक’ मॉनिटरिंग की जा रही है। कटाए घाट फिल्टर हाउस में जल स्तर, क्लोरीनेशन एवं पंपिंग दाब की प्रति पाली जांच की जा रही है। वहीं शहर के विभिन्न वार्डों में लगे ट्यूबवेल को अतिरिक्त समय तक चलाकर बैकअप सुनिश्चित किया जा रहा है। जल प्रदाय विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए गए है कि किसी भी क्षेत्र में दाब कम होने या समय पर सप्लाई न पहुंचने की शिकायत मिलते ही तुरंत कारण का पता लगाकर सुधार किया जाए। यह व्यवस्था यह सुनिश्चित करती है कि बोर का जलस्तर नीचे जाने या विद्युत व्यवधान जैसी आकस्मिक समस्या के बावजूद आपूर्ति बाधित न हो।
*शिकायत मिलते ही टैंकर रवाना*
पेयजल आपूर्ति के दौरान बोर जलस्तर डाउन होने, ट्रांसफार्मर फॉल्ट या लाइन मरम्मत जैसे कारणों से प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए निगम प्रशासन द्वारा 23 टैंकरों को स्थायी रूप से संलग्न किया है। जिनके माध्यम से नगर के विभिन्न स्थलों लखेरा, गायत्री नगर, रोशन नगर, अमीरगंज, इंदिरा नगर, पहरूआ आदि में टैंकरों से जलापूर्ति व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है।
*लीकेज सुधार से अपव्यय रोकने के प्रयास*
पानी की एक-एक बूंद बचाने के लिए निगम की विशेष रिपेयर टीम लगातार फील्ड में है। गुरुवार को शहर के 16 विभिन्न स्थलों पर पाइपलाइन लीकेज, वाल्व जाम एवं टूट-फूट की शिकायतें मिलते ही टीम ने मौके पर पहुंचकर प्राथमिकता से मरम्मत की गई। अधिकारियों को निर्देश है कि शिकायत दर्ज होने के 2 घंटे के भीतर स्थल पर पहुंचकर समस्या का स्थायी समाधान किया जाए, ताकि ‘लीकेज से जलसंकट’ की स्थिति न बने।
*नागरिकों से अपील*
नगर निगम ने नागरिकों से अपील की है कि वे जल का विवेकपूर्ण उपयोग करें, साथ ही यदि कहीं भी पाइपलाइन से पानी रिसता दिखे तो तुरंत कंट्रोल रूम नंबर 14420 पर सूचना दें। ताकि लीकेज का सुधार कराया जाकर जल अपव्यय को रोका जा सके।


