MP NEWS CAST मनीष गौतम 9993205230
मध्यप्रदेश सरकार की साइकिल अनुदान योजना निर्माण श्रमिकों के जीवन को आसान बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हो रही है। इस योजना का उद्देश्य श्रमिकों को आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराना तथा कार्यस्थल तक उनकी पहुंच को सुगम बनाना है।
योजना के तहत लगातार दो वर्षों से वैध परिचय-पत्रधारी पंजीकृत निर्माण श्रमिक इसका लाभ प्राप्त कर सकते हैं। इससे श्रमिकों को रोजाना काम पर आने-जाने में सुविधा मिलेगी, समय की बचत होगी और आर्थिक बोझ भी कम होगा।
आवेदन की प्रक्रिया भी सरल रखी गई है। ग्रामीण क्षेत्रों के श्रमिक अपने आवेदन जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी के पास जमा कर सकते हैं, जबकि शहरी क्षेत्रों के श्रमिक नगर निगम आयुक्त अथवा मुख्य नगर पालिका अधिकारी के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।
इस योजना के माध्यम से सरकार श्रमिकों के सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में सकारात्मक कदम उठा रही है। साइकिल मिलने से श्रमिकों की कार्यक्षमता बढ़ेगी, रोजगार के अवसरों तक उनकी पहुंच आसान होगी और उनके जीवन स्तर में सुधार आएगा।
‘साइकिल अनुदान योजना’ केवल एक सुविधा नहीं, बल्कि श्रमिकों के आत्मनिर्भर और सम्मानजनक जीवन की ओर बढ़ता एक सार्थक प्रयास है।


