MP NEWS CAST
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में आयोजित सिंहस्थ-2028 की मंत्रिमंडलीय समिति की बैठक में उज्जैन और ओंकारेश्वर क्षेत्र के विकास कार्यों को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक में श्रद्धालुओं की सुविधाओं, सुरक्षा प्रबंधन, आधारभूत संरचना के विस्तार और धार्मिक स्थलों के समग्र विकास पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक में दिए गए प्रमुख निर्देश
उज्जैन में शिप्रा घाटों तक आने-जाने के मार्गों का विकास तथा पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
सिंहस्थ की सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस, जिला प्रशासन, नगर निगम एवं अन्य एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जाए।
सुरक्षा संबंधी प्रशिक्षण और मॉक ड्रिल की प्रक्रिया शीघ्र शुरू की जाए।
विकास कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए थर्ड पार्टी कंसल्टेंट से निगरानी कराई जाए।
आवश्यक मानव संसाधनों की नियुक्ति एवं प्रशिक्षण की प्रक्रिया तत्काल प्रारंभ की जाए।
मार्ग चौड़ीकरण के लिए अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई में किसी प्रकार का भेदभाव न हो तथा संबंधित मामलों में त्वरित मुआवजा दिया जाए।
उज्जैन के पंचकोशी मार्ग पर व्यापक स्तर पर पौधरोपण किया जाए।
ओंकारेश्वर के विकास को मिली स्वीकृति
बैठक में ओंकारेश्वर क्षेत्र के लिए कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं को मंजूरी दी गई। इनमें प्रमुख रूप से—
ओंकारेश्वर मंदिर परिसर का व्यापक विकास,
तीन मंजिला पार्किंग निर्माण,
मल्टीलेवल पार्किंग, फूड कोर्ट एवं प्रशासनिक ब्लॉक का निर्माण,
अस्पताल भवन का उन्नयन,
ओंकारेश्वर रोड-सनावद के लिए रेलवे ओवरब्रिज (ROB),
नए अस्पताल एवं स्टाफ क्वार्टर का निर्माण,
बैठक एवं प्रशिक्षण हॉल का निर्माण शामिल हैं। 
उज्जैन में होंगे बड़े विकास कार्य
सिंहस्थ-2028 को ध्यान में रखते हुए उज्जैन में भी कई विकास परियोजनाओं को स्वीकृति दी गई है। इनमें प्रमुख रूप से सड़क चौड़ीकरण, फोरलेन मार्ग निर्माण, नए पुलों का निर्माण, रेलवे स्टेशन तक संपर्क मार्गों का विकास तथा श्रद्धालुओं के लिए विश्राम गृह जैसी सुविधाओं का निर्माण शामिल है।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सिंहस्थ-2028 से जुड़े सभी निर्माण कार्य तय समय-सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं, ताकि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि सिंहस्थ-2028 को विश्व स्तर का दिव्य और भव्य आयोजन बनाने के लिए सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है और सभी विभाग समन्वय के साथ तैयारियों को गति दें।


