कटनी। पुलिस अधीक्षक कार्यालय में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में जिलेभर से पहुंचे नागरिकों की समस्याएं और शिकायतें सुनी गईं। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में आयोजित जनसुनवाई में नगर पुलिस अधीक्षक नेहा पच्चीसिया, एसडीओपी स्लीमनाबाद आकांक्षा चतुर्वेदी तथा डीएसपी अजाक शिवा पाठक मौजूद रहीं।
जनसुनवाई के दौरान पारिवारिक विवाद, आपसी विवाद, पैसों के लेन-देन, भूमि एवं प्लॉट संबंधी धोखाधड़ी, महिला अपराध तथा पुलिस सुनवाई से जुड़ी शिकायतें प्राप्त हुईं। अधिकारियों ने सभी मामलों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित थाना प्रभारियों को त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए।
साइबर अपराध संबंधी शिकायतों पर फरियादियों को जागरूक करते हुए शासन की गाइडलाइन का पालन करने और ऑनलाइन ठगी से सतर्क रहने की सलाह दी गई। साथ ही आवश्यक कार्रवाई के लिए साइबर सेल को निर्देशित किया गया। अन्य विभागों से संबंधित शिकायतों के मामलों में आवेदकों को संबंधित विभागों से संपर्क करने की समझाइश दी गई। अधिकारियों ने सभी शिकायतों के शीघ्र एवं निष्पक्ष निराकरण का आश्वासन दिया।


