कटनी – अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में भारत सरकार के आयुष मंत्रालय द्वारा “14 दिन का ऑनलाइन योग” कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इस पहल का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को योग के प्रति जागरूक करना और उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है।
इस कार्यक्रम से जुड़ना बेहद सरल बनाया गया है। इच्छुक नागरिकों के लिए आयुष विभाग ने टोल-फ्री नंबर 18003157008 जारी किया है। इस नंबर पर केवल एक मिस्ड कॉल देकर कोई भी व्यक्ति आसानी से योग सत्रों से जुड़ सकता है। इसके अलावा, क्यूआर कोड स्कैन कर सीधे ऑनलाइन पंजीयन की सुविधा भी उपलब्ध है।
जिला आयुष अधिकारी डॉ. आशीष रेजा ने जिले के सभी शासकीय अधिकारियों, कर्मचारियों एवं आम नागरिकों से अपील की है कि वे इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लें और नियमित योग अभ्यास को अपनी दिनचर्या में शामिल करें।
उन्होंने कहा कि योग न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाता है, बल्कि मानसिक शांति और संतुलन बनाए रखने में भी सहायक है। यह कार्यक्रम अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।


