छिन्दवाड़ा/21 मई 2026/ आयुष विभाग छिंदवाड़ा एवं आरोग्य भारती महाकौशल प्रांत के संयुक्त तत्वावधान में जिला अस्पताल छिंदवाड़ा स्थित आयुष विंग में आज “नव दंपत्ति संगोष्ठी एवं गर्भ संस्कार कार्यक्रम” का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान धन्वंतरि पूजन एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। पुष्य नक्षत्र के पावन अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य गर्भ संस्कार के माध्यम से स्वस्थ, तेजस्वी एवं संस्कारित संतति निर्माण के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नव दंपत्ति, गर्भवती महिलाएं एवं आमजन शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान आयुष विंग प्रभारी एवं आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी डॉ. नितिन टेकरे द्वारा बच्चों को निःशुल्क स्वर्णप्राशन संस्कार कराया गया। इस दौरान लगभग 123 बच्चों को स्वर्णप्राशन कराया गया, जिससे अभिभावकों में विशेष उत्साह देखा गया। वहीं गर्भवती महिलाओं को सुप्रजा संस्कार के अंतर्गत विशेष मार्गदर्शन भी प्रदान किया गया।
मुख्य अतिथि डॉ. अशोक ने अपने संबोधन में कहा कि आयुर्वेद केवल उपचार पद्धति नहीं, बल्कि संपूर्ण जीवनशैली है। उन्होंने कहा कि गर्भ संस्कार के माध्यम से आने वाली पीढ़ी को शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक रूप से सशक्त बनाया जा सकता है। डॉ. कृष्णा हरजानी ने कहा कि संस्कारित एवं स्वस्थ संतति ही सशक्त समाज की नींव है तथा ऐसे कार्यक्रम परिवारों में जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
जिला आयुष अधिकारी डॉ. प्रमिला यावतकर ने कहा कि आयुष विभाग का प्रयास है कि आयुर्वेद की पहुंच हर घर तक हो तथा गर्भावस्था से ही स्वास्थ्य की मजबूत नींव रखी जा सके। कार्यक्रम की मुख्य वक्ता डॉ.रश्मि नेमा ने गर्भ संस्कार विषय पर विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि गर्भावस्था के दौरान माता का आहार, विचार एवं व्यवहार सीधे शिशु के विकास को प्रभावित करता है। योग, ध्यान एवं आयुर्वेदिक दिनचर्या अपनाकर स्वस्थ एवं बुद्धिमान संतति का निर्माण संभव है।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में कार्यक्रम अध्यक्ष डॉ. संध्या नेमा, मार्गदर्शक भोलेनाथ, डॉ. हितेश मिश्रा, डॉ. नवीन मालवीय, डॉ. दीप सिंह मालवीय, डॉ. पवन नेमा, डॉ. दिलीप खरे, डॉ. अशोक नागदेव एवं श्री हेमंत माहोरे का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम के अंत में आयोजकों द्वारा सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया गया। साथ ही भविष्य में भी इस प्रकार के जनजागरूकता कार्यक्रम निरंतर आयोजित करने का संकल्प लिया गया, ताकि स्वस्थ व्यक्ति, स्वस्थ परिवार, स्वस्थ समाज एवं स्वस्थ राष्ट्र के निर्माण को मजबूती मिल सके।
*संवाददाता शुभम सहारे छिंदवाड़ा*


