कटारिया पंचायत में डॉ. अंबेडकर प्रतिमा का अनावरण, ST-SC-OBC सम्मेलन आयोजित
कटनी। ग्राम पंचायत कटारिया में भारत रत्न Dr. B. R. Ambedkar की जयंती के अवसर पर उनकी प्रतिमा का भव्य अनावरण किया गया। कार्यक्रम का आयोजन भीम आर्मी एवं Gondwana Ganatantra Party के बैनर तले जनपरिषद अध्यक्ष अब्दुल क़ादिर ख़ान के नेतृत्व में किया गया। इस दौरान ST, SC और OBC वर्गों का विशाल सम्मेलन भी आयोजित हुआ।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सुनील आस्ते एवं विशिष्ट अतिथि राधेश्याम ककोड़िया उपस्थित रहे। वहीं जिला अध्यक्ष मनोज धुर्वे, चंद्रभान बोध (राष्ट्रीय प्रवक्ता, गोंडवाना गणतंत्र पार्टी) सहित कई प्रमुख जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
अपने संबोधन में वक्ताओं ने दलित और आदिवासी समाज के अधिकारों की रक्षा के लिए एकजुट होने का आह्वान किया। राधेश्याम ककोड़िया ने कहा कि समाज को ग्राम सभा के माध्यम से अपने अधिकारों की लड़ाई लड़नी होगी और एकजुट होकर संघर्ष का रास्ता अपनाना होगा। उन्होंने वर्तमान में हो रहे अत्याचारों और फर्जी मुकदमों पर चिंता जताई।
अब्दुल कादिर ख़ान ने “संविधान बचाओ, घर-घर पहुंचाओ” अभियान का संकल्प लेते हुए कहा कि पंचायत स्तर तक बाबा साहेब के विचारों और संविधान को पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि डॉ. अंबेडकर की जयंती समाज के लिए प्रेरणा का प्रतीक है और उनके “शिक्षित बनो, संगठित रहो, संघर्ष करो” के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना जरूरी है।
संगठन मंत्री शिवराज सिंह परस्ते ने संगठन विस्तार पर जोर दिया, वहीं मूलचंद मरावी ने गोंडवाना गणतंत्र पार्टी की सदस्यता लेने के लिए प्रेरित किया। कोषाध्यक्ष दिनेश रैदास ने समिति को मजबूत बनाने के लिए सहयोग की अपील की।
कार्यक्रम में सुनील कुमार (तहसील अध्यक्ष, भीम आर्मी) और जितेंद्र कुमार चौधरी (तहसील सचिव) ने एससी-एसटी वर्ग के खिलाफ हो रहे भेदभाव के खिलाफ संघर्ष के लिए तैयार रहने का आह्वान किया।
आयोजन समिति में सरपंच, सचिव ग्राम पंचायत कटारिया, सहकोषाध्यक्ष अजय सिंह धुर्वे, मीडिया प्रभारी महेंद्र चौधरी सहित कई कार्यकर्ता सक्रिय रहे। कार्यक्रम में जिलेभर से बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।


