जिले में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा बैंकिंग एवं साइबर धोखाधड़ी की रोकथाम के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक, कटनी श्री अभिनय विश्वकर्मा (भा.पु.से.) के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री संतोष डेहरिया के मार्गदर्शन में कटनी पुलिस द्वारा जिले के विभिन्न बैंक एवं एटीएम परिसरों में सघन सुरक्षा जांच अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान पुलिस टीमों द्वारा बैंक परिसरों का विस्तृत निरीक्षण किया गया। इसमें मुख्य प्रवेश द्वार, एटीएम कक्ष, काउंटर क्षेत्र एवं पार्किंग स्थल का भौतिक सत्यापन शामिल रहा। साथ ही बैंक प्रबंधन को सुरक्षा से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए, जिनमें—
▫️सीसीटीवी कैमरों की नियमित मॉनिटरिंग
▫️अलार्म सिस्टम की कार्यशीलता सुनिश्चित करना
▫️सुरक्षा गार्डों की सतर्क तैनाती जैसे महत्वपूर्ण बिंदु प्रमुख रूप से शामिल रहे।
इसके अतिरिक्त बैंक में उपस्थित ग्राहकों को भी सुरक्षित लेन-देन के लिए जागरूक किया गया। उन्हें किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने तथा साइबर एवं बैंकिंग धोखाधड़ी से सतर्क रहने की सलाह दी गई।
कटनी पुलिस द्वारा यह अभियान आमजन की सुरक्षा, सुरक्षित बैंकिंग व्यवस्था तथा अपराध मुक्त वातावरण सुनिश्चित करने हेतु लगातार संचालित किया जा रहा है। पुलिस प्रशासन द्वारा सभी नागरिकों से सहयोग, सतर्कता एवं जागरूकता बनाए रखने की अपील की गई है, ताकि किसी भी आपराधिक गतिविधि को समय रहते रोका जा सके।


