रिपोर्टर सीमा कैथवास
नर्मदापुरम। प्रदेश शासन के निर्देशानुसार नए शिक्षा सत्र के शुभारंभ होने के साथ ही जिला शिक्षा अधिकारी के निर्देशन में एसएनजी स्कूल में आयोजित तीन दिवसीय जिला स्तरीय पुस्तक मेले का शनिवार को मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद माया नारोलिया के आतिथ्य में समापन हुआ। इससे पूर्व जिला शिक्षा अधिकारी एलएन प्रजापति ने समापन के
अवसर पर मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद श्रीमती नारोलिया का स्वागत करते हुए मेले में लगे हुए बुक स्टॉल काउंटर का भ्रमण करते हुए पुस्तक मेले की गतिविधियों सहित विद्यार्थियों और पालकों को मेले में मिल रही सुविधाओं से अवगत कराया। इस दौरान श्रीमती नारोलिया ने पुस्तक मेले में पहुंचे स्कूली बच्चों और उनके अभिभावकों से भी चर्चा की।साथ ही मेले के सफल आयोजन पर जिला शिक्षा अधिकारी सहित पूरे स्टाफ को शुभकामनाएं बधाइयां दी। इस अवसर पर श्रीमती माया नारोलिया ने कहा कि हमारे प्रदेश सरकार के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव और शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह का उद्देश्य हैं कि प्रदेश भर में इस प्रकार के पुस्तक मेले आयोजित कर सभी व्यापारियों को एक ही स्थान पर एकत्र किया जाए और बच्चों सहित पालकों को एक ही स्थान पर स्कूल की कॉपी, किताब सहित स्टेशनरी उन्हें प्रतिस्पर्धा के साथ उपलब्ध हो। जिससे पालकों को लाभ हो और दुकानदारों को भी प्रतिस्पर्धा के साथ पुस्तक मेले में लाभ मिले। पुस्तक मेले में दुकानदार और ग्राहक दोनों ही खुशी महसूस कर रहे हैं।ग्राहक भी खुश है कि उन्हें डिस्काउंट में पुस्तक सहित स्टेशनरी मिल रही है, जिला शिक्षा विभाग की यह अनूठी पहल है। जिला शिक्षा अधिकारी एलएन प्रजापति ने बताया कि जिला मुख्यालय पर तीन दिवसीय पुस्तक मेले के समापन के साथ अब तहसील स्तर पर भी पुस्तक मेले का आयोजन हो रहा है। जिससे तहसील स्तर के अंतर्गत आने वाले स्कूलों के बच्चों और उनके पालको भी को भी सुविधा तहसील स्तर पर मिल सकेगी।


