कटनी।मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा है कि ‘किसान कल्याण वर्ष’ में मछुआ समाज के लोगों के साथ निषाद राज की जयंती का निमित्त बनाकर वर्ष में एक बार मछुआ पंचायत का आयोजन किया जाएगा।मुख्यमंत्री डॉ यादव ने यह बात सोमवार को भगवान राजा गुहराज निषादराज जयंती के उपलक्ष्य में कटनी के दुर्गा चौक मंगलम मैरिज गार्डन में आयोजित कार्यक्रम को भोपाल से वर्चुअली संबोधित करते हुए कहा।
मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा कि प्रदेश न केवल मछली के बीज के मामले में आत्मनिर्भर हुआ है,बल्कि मछुआ कार्ड वितरण में भी हम आगे बढ़ रहे हैं। लगभग डेढ़ लाख मछुआ भाईयों को आर्थिक दृष्टि से आगे बढ़ाने में हमारी सरकार ने मदद की है। मुख्यमंत्री डॉ यादव ने सभी को निषाद राज जयंती की बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ‘किसान कल्याण वर्ष’ में मछुआ समाज के लोगों के साथ हम निषाद राज जी की जयंती का निमित्त बनाकर पूरे वर्ष में एक बार मछुआ समाज की पंचायत का आयोजन करेंगे।”
इस दौरान विधायक मुड़वारा श्री संदीप जायसवाल,नगर निगम आयुक्त तपस्या परिहार,एस डी एम कटनी प्रमोद कुमार चतुर्वेदी, जिला भाजपा अध्यक्ष दीपक टंडन सोनी, पूर्व जनपद अध्यक्ष वेंकट निषाद, पूर्व पार्षद पार्वती निषाद, जयनारायण निषाद, श्याम निषाद सहित अन्य जनप्रतिनिधि, एवं समाज के वरिष्ठ सदस्यों की मौजूदगी रही।


