कटनी। जिले के शाहनगर सुडोर क्षेत्र में बुधवार को एक बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां खेलते समय एक 14 वर्षीय बालक ने खुद को गोली मार ली। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नक्स चौधरी (14 वर्ष), पिता शशि कुमार चौधरी, निवासी शाहनगर सुडोर, दोपहर के समय खेत में खेलने
गया था। इसी दौरान उसे खेत में एक बंदूक पड़ी हुई मिली। बालसुलभ जिज्ञासा के चलते उसने बंदूक को खिलौना समझ लिया और अनजाने में खुद पर ही चला दी। गोली सीधे उसके पेट में जा लगी।
घटना के बाद बालक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और आनन-फानन में उसे जिला अस्पताल कटनी में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका उपचार जारी है।
वहीं, पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि खेत में बंदूक कैसे पहुंची और यह किसकी लापरवाही का नतीजा है।


