छिंदवाड़ा। जिले के जाटवाढाना राजखोह में आज रविवार, 15 मार्च 2026 को विशाल प्रांतीय गोंडवाना महासम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर आदिवासी संस्कृति एवं परंपरागत रीति-रिवाजों के अनुसार 11 जोड़ों का सामूहिक विवाह भी संपन्न कराया जाएगा।
आयोजन समिति के उपाध्यक्ष एवं छिंदवाड़ा महापौर विक्रम अहके ने जानकारी देते हुए बताया कि यह सम्मेलन राजा जाटवाशाह समिति जाटवाढाना राजखोह एवं अखिल भारतीय गोंडवाना महासभा के तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है। सामूहिक विवाह कार्यक्रम का आयोजन राजा जाटवाशाह की जन्मस्थली जाटवाढाना में दोपहर 2 बजे से प्रारंभ होगा।
सम्मेलन में महारैली, सांस्कृतिक कार्यक्रम तथा सामाजिक जागरूकता से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की जाएगी। साथ ही गोंडवाना समाज की परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
सम्मेलन के मुख्य अतिथि मध्यप्रदेश शासन के जनजातीय कार्य विभाग के कैबिनेट मंत्री विजय शाह होंगे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता तिरु राजाराम मार्स्कोले करेंगे। कार्यक्रम के उपाध्यक्ष के रूप में महापौर विक्रम अहके की भी महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी।
*संवाददाता शुभम सहारे छिंदवाड़ा*


