नगर निगम के अधिकारी एवं कर्मचारियों सहित अग्रिम पंक्ति के सफाई मित्रों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए निगम प्रशासन एवं जिला चिकित्सालय कटनी के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार 11 मार्च को निगम कार्यालय में वृहद स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर के दौरान उपायुक्त श्री शैलेश गुप्ता, स्वास्थ्य अधिकारी श्री संजय सोनी सहित जिला चिकित्सालय के चिकित्सा एवं नर्सिंग स्टाफ की उपस्थिति रही।
निगम के मेयर इन काउंसिल सभागार कक्ष में आयोजित इस स्वास्थ्य परीक्षण शिविर में जिला चिकित्सालय के मेडिकल विशेषज्ञ, सर्जिकल विशेषज्ञ, अस्थि रोग विशेषज्ञ एवं नेत्र रोग विशेषज्ञ चिकित्सकों तथा नर्सिंग स्टाफ द्वारा नगर निगम के लगभग 355 अधिकारियों एवं कर्मचारियों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श और दवाइयां भी प्रदान की गईं।
शिविर में जिला चिकित्सालय की चिकित्सक टीम द्वारा 300 से अधिक कर्मचारियों की ब्लड प्रेशर जांच तथा 85 कर्मचारियों की शुगर जांच के साथ रूटीन हेल्थ चेकअप एवं अन्य सामान्य रोगों की जांच की गई। परीक्षण के उपरांत आवश्यक चिकित्सकीय सलाह दी गई तथा लगभग 110 से अधिक कर्मचारियों को निशुल्क दवाओं का वितरण भी किया गया।
स्वास्थ्य अधिकारी श्री संजय सोनी ने बताया कि इससे पूर्व निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार के निर्देश पर विगत 2 जनवरी को भी निगम कार्यालय में स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया था। शिविरों का मुख्य उद्देश्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण की सुविधा उपलब्ध कराना है।
निगम प्रशासन एवं जिला चिकित्सालय के संयुक्त सहयोग से आयोजित इस निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर को अधिकारियों और कर्मचारियों ने एक सराहनीय पहल बताया है।


