कालापीपल(बब्लू जायसवाल)
सनातन परंपरा और लोक आस्था के पर्व शीतला सप्तमी के अवसर पर कर्मचारी कॉलोनी स्थित शीतला माता मंदिर में क्षेत्र की माता-बहनों द्वारा श्रद्धा और भक्ति के साथ विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई,इस अवसर पर महिलाओं ने परिवार,समाज और क्षेत्र की सुख-समृद्धि तथा निरोगी जीवन की कामना करते हुए मां शीतला का पूजन किया।
पूजा के पश्चात पारंपरिक परंपरा के अनुसार कर्मचारी कॉलोनी चौक में होली का शीतलकरण (होली को ठंडा करना)किया गया। इस धार्मिक अनुष्ठान में माता-बहनों ने ठंडे भोजन (बसोड़ा)का भोग अर्पित कर क्षेत्र में सुख-शांति और समृद्धि की प्रार्थना की,इस अवसर पर कर्मचारी कॉलोनी की समस्त माता-बहनों के साथ वार्ड क्रमांक 3 वार्ड क्रमांक 4 वार्ड क्रमांक 5 एवं वार्ड क्रमांक 15 की माता-बहनों ने भी बड़ी संख्या में उपस्थित होकर पूजा-अर्चना में सहभागिता की। पूजा के दौरान पारंपरिक लोकगीत और भजनों से वातावरण भक्तिमय हो गया।
शीतला सप्तमी का पर्व विशेष रूप से मध्य प्रदेश और राजस्थान में श्रद्धा और आस्था के साथ मनाया जाता है। मान्यता है कि मां शीतला की पूजा से परिवार को रोग-व्याधियों से मुक्ति मिलती है और घर-परिवार में सुख-शांति बनी रहती है।
इस पावन अवसर पर सभी श्रद्धालुओं ने मां शीतला से समाज में स्वास्थ्य,समृद्धि और आपसी सद्भाव बनाए रखने की कामना की।


